पिछले लगभग 2 सालों से नदिया के राणाघाट के धानतला के थाना कमालपुर के लोगों ने विश्व की सबसे ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने का ही सपना देखा था। साल 2024 में यहां 112 फूट ऊंची देवी दुर्गा की मूर्ति बनाने की कोशिश की गयी थी। लेकिन कानूनी दांवपेंच में फंसने की वजह से ऐसा करना संभव नहीं हो सका था।
इसलिए पिछले साल यहां मां दुर्गा की पूजा भी नहीं की गयी थी। इस साल सबसे पहले 112 फूट ऊंची मां दुर्गा की मूर्ति बनाने का फैसला आयोजकों ने लिया था। लेकिन बाद में पुलिस की ओर से जारी निर्देशिका में मूर्ति की ऊंचाई लगभग 40 फूट घटाने के लिए कहा गया। इस वजह से काफी विवाद भी उत्पन्न हो गया था।
आखिरकार नदिया के कमालपुर की दुर्गा पूजा का उद्घाटन पंचमी के दिन किया गया। अगर यहां की दुर्गा प्रतिमा की बात की जाए तो उसे एक शब्द में विशालाकार ही कहा जाएगा। लेकिन इसकी ऊंचाई कितनी है?
इस बारे में पूजा कमेटी के प्रधान आयोजक सुजय विश्वास का दावा है कि अब तक यहीं दुनिया की सबसे ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा है। उनका कहना है कि मां दुर्गा की मूर्ति 112 फूट ऊंची है। हालांकि प्रतिमा की ऊंचाई को लेकर इलाके में मतविरोध भी चल रहे हैं। इस बारे में पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गयी है।
राणाघाट महकमा शासक भरत सिंह से इस बारे में जानने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने भी कहा कि इस बारे में उनके पास कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने इस बारे में जानने के लिए राणाघाट 2 के बीडीओ अभिजीत जाना से संपर्क करने के लिए कहा। हालांकि अभी तक बीडीओ की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
बता दें, नदिया के इस पूजा पंडाल में मां दुर्गा अस्त्रहिन होंगी। पूजा आयोजकों की तरफ से बताया गया है कि प्रतिकात्मक रूप से जमीन पर उनके अस्त्र रखे जाएंगे। उनका कहना है कि पिछले लगभग 18 महीनों के दौरान 50 लोगों की मदद से इस मूर्ति का निर्माण किया गया है।