लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शासन काल में राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि का दावा किया है। उन्होंने कहा कि यह शासन की सुव्यवस्था का प्रमाण है। यहां आने वाले पर्यटक अब अपने को सुरक्षित महसूस करते हैं जबकि इसके पहले राज्य में अराजकता का बोलबाला था। उन्होंने पर्यटन में वृद्धि का कारण राज्य में सांस्कृतिक धरोहरों की सहेज और उनकी गरिमामय स्थित बढ़ने को भी दिया। उन्होंने एक्स पर इसका उल्लेख भी किया है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बन गया है, जो सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अमृतकाल है।
उन्होंने कहा कि 2016 से 2023 के बीच पर्यटकों की संख्या में 43.4 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2016 में 21.5 करोड़ पर्यटक आए थे, जो बढ़कर 2024 तक 64.9 करोड़ हो गए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि राष्ट्रीय पर्यटन के परिप्रेक्ष्य में 2016 में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 13.1 प्रतिशत थी, जो 2023 में बढ़कर 18.9 प्रतिशत हो गई है।
योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर लिखा: 'आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में नया उत्तर प्रदेश आज पर्यटन के माध्यम से राष्ट्र के लिए प्रेरणा बन चुका है। अयोध्या धाम का दीपोत्सव, ब्रज का रंगोत्सव, और काशी की देव दीपावली जैसे उत्सव हमारी धरोहर को समृद्धि में और संस्कृति को शक्ति में परिवर्तित कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि 2016 में जहां 21.5 करोड़ पर्यटक आए थे, वह संख्या 2024 में 64.9 करोड़ तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय पर्यटन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। यह संस्कृतिक नवजागरण का 'अमृतकाल' है, जो धरोहर से आस्था, आस्था से विकास और विकास से वैश्विक नेतृत्व की ओर 'विश्वगुरु भारत' का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।