जयपुर: स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी कर ग्राहकों को घटिया खाना परोसने के आरोप में जयपुर के गौरव टॉवर स्थित मैकडॉनल्ड्स आउटलेट पर कार्रवाई की गई। सोमवार को राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम ने अचानक वहां छापा मारा। जांच के दौरान आउटलेट से निम्न गुणवत्ता का तेल और सड़ी हुई सब्जियां बरामद की गईं।
अधिकारियों ने पाया कि फ्रेंच फ्राइज और अन्य खाद्य पदार्थ तलने के लिए जिस रिफाइंड पाम तेल का इस्तेमाल किया जा रहा था, उसकी गुणवत्ता बेहद खराब थी। जांच में सामने आया कि तेल का टीपीसी स्तर 25 प्रतिशत की सुरक्षित सीमा से अधिक था। शाकाहारी खाद्य पदार्थों में उपयोग किए जा रहे तेल का टीपीसी स्तर 31 प्रतिशत और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए इस्तेमाल तेल का स्तर 28 प्रतिशत पाया गया। उल्लेखनीय है कि तेल की गुणवत्ता मापने के लिए टीपीसी परीक्षण किया जाता है, जिसकी सुरक्षित सीमा 25 प्रतिशत मानी जाती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जब तेल का टीपीसी स्तर बढ़ जाता है तो वह विषैला हो सकता है। जयपुर के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनीष मित्तल ने बताया कि अत्यधिक जले हुए तेल में तैयार भोजन स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है और इससे हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है। केवल तेल ही नहीं, कोल्ड स्टोरेज में रखी सब्जियों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। अधिकारियों ने स्टोर से लगभग 40 किलो सड़े टमाटर बरामद किए। अन्य खाद्य पदार्थों में संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए इन सब्जियों को तुरंत नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान करीब 40 लीटर संदिग्ध और खराब तेल भी नष्ट किया गया। तेल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। आउटलेट मैनेजर को बेहतर गुणवत्ता का तेल इस्तेमाल करने और सभी स्वास्थ्य मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि आउटलेट को नोटिस जारी किया जाएगा और लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।