प्रेमिका के साथ घर बसाने के लिए 6 महीने के बेटे की गला दबाकर हत्या?

पुलिस ने समलैंगिक मां भारती और उसकी प्रेमिका सुमित्रा- दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

By तुहिना मंडल, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Nov 09, 2025 14:37 IST

चेन्नईः तमिलनाडु के कृष्णगिरी जिले में दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। छह महीने के एक बच्चे की मौत 5 नवंबर को हुई। मां भारती ने दावा किया था कि बच्चे की मौत दूध पीते समय दम घुट जाने से हुई। पिता सुरेश ने भी इसे एक हादसा मान लिया और दोनों ने मिलकर अपने खेत में बच्चे को दफना दिया।

लेकिन कुछ दिनों बाद सुरेश को अपनी पत्नी के मोबाइल में कुछ फोटो और चैट संदेश मिले, जिन्हें देखकर उनके होश उड़ गए। उन चैट से पता चला कि उनकी पत्नी का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध है। इसके बाद सुरेश को शक हुआ कि क्या बच्चे की मौत वाकई हादसा थी? उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और सबूत के तौर पर पत्नी और उसकी प्रेमिका के चैट के स्क्रीनशॉट और तस्वीरें पुलिस को सौंप दीं। जांच शुरू हुई, बच्चे का शव निकाला गया और पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे की मौत दम घुटने से हुई थी यानी उसकी हत्या की गई थी।

आरोप है कि हत्या खुद मां ने की। मृत बच्चे के पिता का कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी की समलैंगिक प्रवृत्ति और उसकी प्रेमिका के साथ बातचीत के बारे में जान लिया था। इसके बाद ही उन्हें बेटे की असामान्य मौत पर शक हुआ। पुलिस का मानना है कि अभियुक्त महिला ने अपनी प्रेमिका के साथ रहने के लिए बेटे की हत्या की। जांच में महिला ने भी यह अपराध स्वीकार किया है। उसने कहा कि वह बच्चे को जिंदा नहीं रखना चाहती थी। इतना ही नहीं, उसने अपने पति पर भी कई आरोप लगाए हैं। पुलिस ने भारती और उसकी प्रेमिका सुमित्रा- दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की पूरी तरह जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय भारती की शादी 30 वर्षीय सुरेश से छह साल पहले हुई थी। उनके दो और बच्चे हैं-जिनकी उम्र पाँच और चार वर्ष है। पुलिस ने पाया कि भारती और सुमित्रा का रिश्ता पिछले तीन साल से चल रहा था। बेटे के जन्म के बाद दोनों साथ समय नहीं बिता पा रही थीं। क्या इसी वजह से उसने यह भयानक कदम उठाया? यही अब जांच का विषय है।

Prev Article
फिर रेल हादसा, मुंबई में ट्रेन के टक्कर से तीन यात्रियों की मौत
Next Article
ऋषिकेश में बंजी जंपिंग के दौरान टूटी रस्‍सी, गुरुग्राम का टूरिस्‍ट घायल, एम्स में चल रहा इलाज

Articles you may like: