इस्लामाबादः पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए ICC के सामने स्पष्ट शर्तें रखी हैं। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में रविवार 8 फरवरी को ICC और PCB के बीच लगभग चार घंटे लंबी मीटिंग चली।
पाकिस्तानी मीडिया डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, PCB ने कहा कि वे भारत के खिलाफ तभी मैच खेलेंगे, जब ICC बांग्लादेश को उनका पूरा सालाना रेवेन्यू भुगतान करने का भरोसा देगा। हालांकि इस मीटिंग के बाद कोई जॉइंट स्टेटमेंट नहीं जारी किया गया। PCB ने स्पष्ट किया है कि वे सरकार की अनुमति के बाद ही ऑफिशियल बयान देंगे।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस बार बांग्लादेश वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले रहा है। ICC साल के अंत में बांग्लादेश को अपने इनकम का हिस्सा देने में कटौती कर सकता है। PCB को यह उचित नहीं लगा। उनका कहना है कि ICC ने बांग्लादेश के साथ सही व्यवहार नहीं किया।
ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा ने PCB को सलाह दी कि वे यह मांग आधिकारिक बोर्ड मीटिंग में रखें। अगर अभी इसे उठाया गया तो इसे फॉर्मल मांग नहीं माना जाएगा। ICC की मंशा थी कि PCB पहले मैच खेले और फिर मीटिंग में यह मुद्दा उठाए।
हालांकि, इस मामले में अन्य क्रिकेट बोर्डों का भी दबाव है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने PCB को मेल भेजकर कहा कि अगर वे भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलते हैं तो श्रीलंका को वित्तीय नुकसान होगा। वहीं बांग्लादेश ने चेतावनी दी कि अगर भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होता है तो ICC की आमदनी कम हो जाएगी। इससे सभी बोर्डों के आर्थिक हित प्रभावित होंगे।
इस विवाद ने साफ कर दिया है कि भारत-पाकिस्तान मैच केवल खेल का मुद्दा नहीं है। ICC इनकम डिविडेंड और बोर्ड्स के राजनीतिक निर्णयों का भी बड़ा मामला बन चुका है।