पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के होश ठिकाने आ गए हैं। पता चला है कि पाकिस्तान अब भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप का मैच खेलने के लिए तैयार है। सूत्रों के हवाले से ये पता चला है, हालांकि अभी आधिकारिक ऐलान होना बाकी है, इसका इंतजार किया जा रहा है। इस बीच आईसीसी ने पीसीबी की उन सभी डिमांड को खारिज कर दिया है, जो रखी गई थीं। अब 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले के होने की संभावनाएं फिर से जीवित हो उठी हैं।
आईसीसी ने खारिज कर दी हैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की सभी डिमांड
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मुकाबला 15 फरवरी को होना है। इसका शेड्यूल आईसीसी ने पहले ही ऐलान कर दिया था। इस बीच पिछले दिनों पाकिस्तान की सरकार की ओर से ऐलान किया गया था कि वे इस मैच का बहिष्कार करेंगे। इसके बाद आईसीसी हरकत में आया। आईसीसी की एक टीम इस वक्त पाकिस्तान में है, जो पीसीबी से बात कर रही है। इसी दौरान खबर सामने आई थी कि पीसीबी की ओर से तीन डिमांड रखी गई हैं। लेकिन आईसीसी ने करीब करीब तीनों को खारिज कर दिया है।
पीसीबी ने ये रखी थी मांगें
पाकिस्तान की ओर से मांग की गई थी कि वे भारत के साथ आपसी सीरीज चाहते हैं। साथ ही आईसीसी से मिलने वाले रेवेन्यू में भी वे अपनी भागीदारी चाहते थे। इसके साथ ही पीसीबी ये भी चाहता था कि भारतीय टीम पाकिस्तानी प्लेयर्स से मैच के दौरान हाथ मिलाए। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज के लिए वे हामी नहीं भर सकते। ये बीसीसीआई और भारत सरकार का मामला है, वे इसमें दखल नहीं देंगे। इसके बाद एक और डिमांड आई कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच एक सीरीज खेली जाएगा। इसके लिए भी आईसीसी ने मना कर दिया है।
पाकिस्तानी टीम भी कर रही है भारत के खिलाफ मैच की तैयारी
इस बीच खबर है कि पाकिस्तानी टीम भी भारत के खिलाफ खेलने की तैयारी कर रही है। इसका खुलासा पाकिस्तानी टीम के तेज गेंदबाज की ओर से दिए गए बयान में सामने आया है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा ने कहा है कि टीम पूरा विश्व कप खेलने की तैयारी कर रही है और सरकार से अनुमति मिलने पर भारत के खिलाफ 15 फरवरी का मैच भी खेलेगी। पाकिस्तानी टीम को टी20 विश्व कप 2026 में अपना अगला मुकाबला 10 फरवरी को यूएसए के खिलाफ खेलना है। इससे पहले सलमान मिर्जा पीसी के लिए आए हुए थे। इसी दौरान उनसे पूछा गया कि क्या भारत के खिलाफ मैच को लेकर टीम में कोई बातचीत हुई है। सलमान ने साफ तौर पर कहा कि टीम पूरे टूर्नामेंट के लिए तैयारी कर रही है। हम विरोधी टीम के अनुसार खेलेंगे। फैसला सरकार का होगा और हम वही करेंगे जो हमसे कहा जाएगा। जहां तक भारत के खिलाफ मैच का सवाल है तो यह सरकार का फैसला होगा। जो सरकार तय करेगी, हम उसके अनुसार खेलेंगे।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने की है पीसीबी से बहिष्कार वापस लेने की मांग
इस बीच खबर ये भी सामने आ रही है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार वापस लेने के लिए कहा है। अब पता चला है कि इस पूरे मसले के बाद पीसीबी प्रमुख मोहसीन नकवी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बात करेंगे और आखिरी फैसला सुना दिया जाएगा।