फिलहाल टी20 क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में किरॉन पोलार्ड सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद वह अब भी फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रहे हैं। दुनिया की लगभग सभी फ्रेंचाइजी लीगों से वह जुड़े रहे हैं कहीं खिलाड़ी के रूप में तो कहीं मेंटर के तौर पर। इस समय वह ILT20 में MI एमिरेट्स के लिए खेल रहे हैं और टीम के कप्तान भी हैं। वहीं दुबई कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बना दिया।
ILT20 में MI एमिरेट्स का मुकाबला दुबई कैपिटल्स से था जिसे एमिरेट्स ने 8 विकेट से जीत लिया। इस मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अफगानिस्तान के युवा स्पिनर अल्लाह गजनफर रहे। एमिरेट्स के कप्तान किरॉन पोलार्ड ने 31 गेंदों में 44 रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका और पांच छक्के शामिल थे। इन्हीं छक्कों के साथ उन्होंने यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया।
पोलार्ड का विश्व रिकॉर्ड
किरॉन पोलार्ड टी20 क्रिकेट में कप्तान के रूप में 300 छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। दुबई कैपिटल्स के खिलाफ मैच में पहला छक्का लगाते ही उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को छू लिया। इस पारी में पांच छक्के लगाने के बाद उनके कुल छक्कों की संख्या 304 हो गई है।
इस सूची में दूसरे स्थान पर फाफ डु प्लेसिस हैं, जिन्होंने अब तक 286 छक्के लगाए हैं। महेंद्र सिंह धोनी 281 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। रोहित शर्मा ने 273 छक्के लगाए हैं जबकि विराट कोहली 227 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
MI एमिरेट्स ने दुबई कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर पहला प्लेऑफ स्थान पक्का कर लिया। दुबई कैपिटल्स के बल्लेबाज MI के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 122 रन बनाए। कप्तान मोहम्मद नबी ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 22 रन बनाए, जबकि जिमी नीशम ने 21 रन जोड़े। जवाब में MI एमिरेट्स ने केवल 16.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 123 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।