इस्लामाबाद : पाकिस्तान में क्रिकेट हो या हॉकी, विवाद मानो उनका स्थायी साथी बन चुका है। अलग-अलग कारणों से वे लगातार सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में दूसरी शादी कर पाक क्रिकेटर इमाद वसीम चर्चा में आए थे। उनकी पूर्व पत्नी ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब एक कदम आगे बढ़ते हुए इमाद की पूर्व पत्नी सानिया अशफाक ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और PCB प्रमुख मोहसिन नकवी से हस्तक्षेप की मांग की है।
हाल ही में इमाद वसीम ने पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर और वकील नायला राजा से शादी की। हालांकि उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर नहीं दी। यह बात तब सामने आई जब उनकी पूर्व पत्नी ने 17 फरवरी को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसका खुलासा किया। सानिया ने सिर्फ इमाद की नई शादी का जिक्र ही नहीं किया बल्कि उन पर अत्याचार के आरोप भी लगाए।
सोशल मीडिया पर सानिया ने लिखा कि दिसंबर 2023 में इमाद ने लाहौर में मेरा गर्भपात कराया। वह हत्यारा है और मेरे पास इसका वीडियो है। उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड को भी कटघरे में खड़ा किया और आरोप लगाया कि टीम इमाद का समर्थन कर रही है।
इस विवाद के बीच सानिया ने एक और पोस्ट कर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ देश के गृह मंत्री और PCB प्रमुख मोहसिन नकवी से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने लिखा है कि मैं बदला नहीं सम्मान चाहती हूं। मुझे उम्मीद है कि मेरी बात सुनी जाएगी। उन्होंने कुछ व्हाट्सऐप स्क्रीनशॉट भी साझा किए और आरोप लगाया कि वसीम ने उन्हें धमकी दी थी। उनका कहना है कि जब वह गर्भवती थीं तब इमाद वसीम ने उन्हें धमकाया।
सानिया अशफाक इंग्लैंड की निवासी हैं। कई लोगों ने उनका समर्थन करते हुए दावा किया है कि इमाद ने इंग्लैंड की नागरिकता पाने के लिए ही सानिया से शादी की थी। वहीं इमाद ने इस मामले में गोपनीयता बनाए रखने की अपील की है।