अहमदाबाद: भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपना आखिरी ग्रुप मैच भी जीत लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत की टक्कर नीदरलैंड से थी। टीम इंडिया ने इस मैच को 17 रनों के अंतर से अपने नाम किया। टॉस जीतने के बाद पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट 193 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड ने अच्छी बैटिंग की लेकिन टीम 7 विकेट पर 176 रन ही बना सकी। भारत ने ग्रुप ए में अपने सभी मैच जीते और टॉप पर रही। वहीं नीदरलैंड को सिर्फ एक ही जीत मिली। टी20 विश्व कप में भारत 12 मैचों से अजेय है।
अभिषेक शर्मा का फिर खाता नहीं खुला
टीम इंडिया को मैच की तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा। अभिषेक इस विश्व कप की लगातार तीसरी पारी में खाता नहीं खोल पा। ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 39 रन की साझेदारी की। ईशान इस पारी में 7 ही गेंदों का सामना कर सके और 18 रन बनाए। तिलक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। तिलक ने 4 बाउंड्री के साथ 31 रन बनाए।
25 गेंदों पर शिवम दुबे ने फिफ्टी ठोकी
भारतीय टीम 69 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो चुकी थी, यहां से सूर्या ने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 27 गेंदों में 41 रन जोड़कर टीम को 110 के स्कोर तक पहुंचाया। सूर्या 28 गेंदों में 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद शिवम दुबे ने हार्दिक पंड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन जोड़कर भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। दुबे ने सिर्फ 25 गेंदों पर फिफ्टी ठोक दी। उन्होंने 31 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 66 रन बनाए। पंड्या ने 21 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली। लोगन वैन बीक को 3 और आर्यन दत्त को दो विकेट मिले।
नीदरलैंड ने बेहतरीन बैटिंग की
नीदरलैंड ने रन चेज में धीमी शुरुआत की। पावरप्ले में टीम ने सिर्फ 36 रन बनाए और मैक्स ओडॉड (20) का विकेट खो दिया। वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ टीम के बल्लेबाज ने बीच के ओवर में स्ट्रगल किया लेकिन अन्य गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बनाए। हार्दिक पंड्या ने दूसरे ओपनर माइकल लेविट (24) को आउट किया। बास डे लीडकॉलिन एकरमैन ने सिर्फ 26 गेंद पर 49 रनों की साझेदारी बना दी। वरुण चक्रवर्ती ने लगातार दो गेंद पर एकरमैन और आर्यन दत्त को आउट कर दिया। हालांकि कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने उनका हैट्रिक नहीं होने दिया।
16वें ओवर में टीम का स्कोर 6 विकेट पर 125 रन हो गया था। लीडे 23 गेंद पर 33 रन बनाकर शिवम दुबे का शिकार बने। जसप्रीत बुमराह ने कप्तान एडवड्स (15) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद नूह क्रोस और जैक लायन कैशेट ने 23 गेंद पर 47 रन जोड़े। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया लेकिन नीदरलैंड को जीत नहीं दिला पाए। वरुण चक्रवर्ती ने तीन जबकि शिवम दुबे ने दो विकेट लिए।