अंडर-19 विश्व कप विजेता वैभव सूर्यवंशी मंगलवार को बिहार के पोदार इंटरनेशनल स्कूल में अपनी कक्षा 10 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उपस्थित नहीं हुए और उन्हें अनुपस्थित माना गया। एएनआई से बात करते हुए, पोदार इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य एनके सिन्हा ने कहा कि सीबीएसई की नीति के अनुसार सूर्यवंशी को अनुपस्थित माना गया है। बता दें, इस युवा खिलाड़ी ने अपने व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम के कारण परीक्षा न देने का फैसला किया है। वैभव ट्रेनिंग सेशन में है।
बिहार के ताजपुर में रहने वाले वैभव मॉडस्टी स्कूल, ताजपुर में पढ़ते हैं। उनका परीक्षा फॉर्म पहले ही भरा जा चुका था, एडमिट कार्ड जारी हो चुका था और परीक्षा केंद्र भी तय हो चुका था। हालांकि, स्कूल और उनके पिता संजीव सूर्यवंशी के बीच हुई चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया कि वैभव इस साल परीक्षा नहीं देंगे। लगातार यात्रा और क्रिकेट संबंधी प्रतिबद्धताओं के कारण वह स्कूल और घर से दूर रहते थे, जिससे उनकी परीक्षा की तैयारी प्रभावित हुई।
एनके सिन्हा ने कहा,"वह आज अनुपस्थित हैं। वह परीक्षा केंद्र पर नहीं आए हैं। हमने सीबीएसई की नीति के अनुसार उन्हें अनुपस्थित माना है... यदि कोई छात्र अनुपस्थित होता है, तो हमें उसे अनुपस्थित मानना पड़ता है... हमें उम्मीद थी कि वह परीक्षा देने आएंगे, लेकिन अन्य कई जिम्मेदारियां हैं. क्रिकेट मैच या अभ्यास हो सकता है... मुझे लगता है कि वह अगली परीक्षा जरूर देंगे।"
अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ सूर्यवंशी को उनकी मैच-विनिंग पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। उन्होंने 80 गेंदों में 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उन्होंने 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे तेज शतकों में से एक है। वैभव की पारी के दम पर भारत छठी बार विश्व कप जीतने में सफल रहा।
सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। उन्होंने सात मैचों में 169.50 के शानदार स्ट्राइक रेट और 62.71 के औसत से 439 रन बनाए। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के (30 छक्के) लगाए। इस सलामी बल्लेबाज के नाम आईपीएल में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड है। उन्होंने महज 14 साल और 23 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।
साथ ही, उन्होंने गुजरात जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाकर आईपीएल में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी बनाया और यूसुफ पठान के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए शतक लगाने वाले सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी बन गए।
यह विस्फोटक बल्लेबाज आगामी 2026 आईपीएल सीजन की तैयारी कर रहा है, जिसमें वह राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेगा। आगामी आईपीएल सीजन में वह देखने लायक प्रमुख खिलाड़ियों में से एक होगा।