🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

'पाकिस्तान बेहद कमजोर टीम, भारत से उनका कोई मुकाबला नहीं', सौरव गांगुली ने कर दिया बड़ा ऐलान

T20 World Cup 2026: पाक टीम 18 ओवर में 114 पर सिमट गई। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिए। ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

By सौम्यदीप दे, Posted by: लखन भारती

Feb 17, 2026 12:47 IST

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान मैच को बड़ा बताना गलत है। पाकिस्तान की टीम भारत के सामने बेहद कमजोर है। पिछले कई वर्षों से मैच का परिणाम भारत के पक्ष में रहा है। आईएएनएस से खास बातचीत में सौरव गांगुली ने कहा, "भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच बहुत अंतर है। भारतीय टीम बहुत तगड़ी है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण हर क्षेत्र में टीम इंडिया पाकिस्तान से बहुत मजबूत है। टीम का अनुशासन भी अच्छा है।"

उन्होंने कहा, "भारत-पाकिस्तान के बीच मैच अब बड़ा मैच नहीं रहा। इसे बड़ा बताना अब सही नहीं है। जावेद मियांदाद, सईद अनवर, वसीम अकरम और इंजमाम उल हक के जमाने में पाकिस्तान टीम मजबूत थी और उस समय मैच टक्कर वाले होते थे। अब भारत-पाकिस्तान मैच में पहले वाली बात नहीं रही। मेरे हिसाब से मौजूदा समय में भारत-पाकिस्तान नहीं, बल्कि भारत-ऑस्ट्रेलिया, भारत-दक्षिण अफ्रीका और भारत-इंग्लैंड के मैच बड़े मैच हैं।"

भारत-पाकिस्तान के टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में एक बार फिर से आमने-सामने होने की संभावना पर गांगुली ने कहा कि क्रिकेट में कुछ भी संभव है, लेकिन पाकिस्तान की मौजदूा स्थिति को देखते हुए उसका फाइनल में पहुंचना मुश्किल है।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में गांगुली ने ईशान किशन और शिवम दुबे की बल्लेबाजी की तारीफ की। गेंदबाजों की तारीफ करते हुए उन्होंने सभी के योगदान की तारीफ की।

मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के 40 गेंदों पर बनाए गए विस्फोटक 77 रन, सूर्यकुमार यादव के 32, शिवम दुबे के 27, और तिलक वर्मा के 25 रन की मदद से 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे। पाक टीम 18 ओवर में 114 पर सिमट गई। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिए. ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

Prev Article
पाकिस्तान से जीत का राज हार्दिक की महादेव, 'रुद्र' एडिशन घड़ी ?, जानें खासियत
Next Article
वैभव सूर्यवंशी ने नहीं दिया 10वीं का एग्जाम, अब स्कूल प्रिंसिपल ने कही ये बात

Articles you may like: