बैंकॉक: थाईलैंड के बैंकॉक में खेले जा रहे महिलाओं के एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारतीय महिला टीम ने अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखा है। भारतीय टीम अब फाइनल में पहुंच गई है। टीम इंडिया का सामना सेमीफाइनल श्रीलंका की महिला टीम से हुआ, जहां भारतीय टीम ने बड़ी आसानी के साथ मैच अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया की जीत में उनके गेंदबाजों का रोल काफी अहम रहा। गेंदबाजी के अलावा टीम इंडिया ने बल्लेबाजी में दम दिखाया और श्रीलंका को 5 विकेट से मात दी।
कैसा रहा मैच का हाल
इंडिया वुमेंस ए और श्रीलंका वुमेंस ए के बीच खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि भारतीय टीम को टॉस हराने का कोई फर्क नहीं पड़ा। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी कर रही श्रीलंका को 19.4 ओवर में 118 रन के स्कोर पर ऑलआउट कर दिया। भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई कप्तान से पहले बैटिंग करने के फैसले को पूरी तरह से गलत साबित कर दिया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने अपना दबदबा पहली ही पारी में बना लिया। गेंदबाजी में टीम इंडिया की कप्तान राधा यादव ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 3.4 ओवर मे सिर्फ 19 रन दिए और 4 विकेट झटके। राधा यादव भारतीय सीनियर वुमेंस टीम का भी हिस्सा हैं। इसके अलावा तनुजा कनवर और प्रेरणा रावत को दो-दो सफलता मिली। वहीं मिनू मानी और साईमा ठाकोर को एक-एक विकेट मिले। भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका के किसी भी बल्लेबाज को जमने का मौका नहीं दिया। उनकी तरफ से संचना काविंदी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही। उन्होंने इस मुकाबले में 31 रनों की पारी खेली।
युवा टीम ने दिखाया दम
119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी भारतीय महिला टीम शुरुआत तो तेज रही, लेकिन टीम इंडिया ने सिर्फ 30 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खो दिया, इसके बाद वृंदा दिनेश और अनुष्का शर्मा के बीच 24 गेंदों पक 47 रनों की साझेदारी हुई। जब तक श्रीलंकाई गेंदबाज इस साझेदारी को तोड़ते तब तक काफी देरी हो चुकी थी। इस पारी में भारत की ओर से वृंदा दिनेश ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 20 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली और टीम इंडिया की जीत में अहम रोल निभाया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 22 फरवरी को खेला जाएगा। इस मुकाबले में टीम इंडिया का सामना पाकिस्तान या बांग्लादेश की टीम से हो सकता है। इन दोनों के बीच अभी सेमीफाइनल मैच होना बाकी है।