T20 वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक प्रसारणकर्ता जियो हॉटस्टार ने रविवार (15 फरवरी) को खेले गए भारत बनाम पाकिस्तान के मैच के दौरान दर्शकों की संख्या के आंकड़े साझा कर दिए हैं। इसमें बताया गया है कि इस मैच में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच देखने के सभी पुराने रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर दिए हैं। जियो हॉटस्टार के लिए यह ऐतिहासिक पल है, जब इस मैच को 163 करोड़ लोगों ने स्क्रीन पर देखा। यह टी20 फॉर्मेट में किसी भी ICC मैचों में दर्शकों की सबसे बड़ी संख्या का आंकड़ा है। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2024 को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा देखा गया था, जो तब भारत बनाम साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था।
बताया गया है भारत की इस धमाकेदार परफॉर्मेंस वाले मैच से डिजिटल वीवरशिप में 56 फीसदी इजाफा दर्ज किया गया है। लीग स्टेज में मोबाइल पर देखे जाने वाले मैचों में यह मैच सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा देखा गया मैच है। अगर इस मैच की तुलना भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2024 से की जाए तो उस लिहाज से इस बार 1.2 गुणा ज्यादा दर्शकों ने इसका मोबाइल पर लुत्फ लिया।
यह बताता है कि आखिर दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैदान पर प्रतिद्वंद्विता का स्तर क्या है। वहीं जब इस आंकड़े को CTV यानी (टोटल ऑनलाइन स्ट्रीमिंग) से जोड़ दिया जाए तो T20 वर्ल्ड कप 2024 की तुलना में दर्शकों का यह आंकड़ा 2.4 गुणा बढ़ गया है।
इस मैच को सभी स्क्रीन पर कुल 20 बिलियन मिनट तक देखा गया, जिससे पता चलता है कि फैन्स इस मैच से कितने कनेक्टिड थे। इससे पिछले एडिशन के मैच के मुकाबले देखने में 42% की बढ़ोतरी हुई, जिसका कारण भारतीय क्रिकेट टीम का जबरदस्त प्रदर्शन था, क्योंकि उन्होंने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 कर लिया था।
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने भारत को पहले बैटिंग का न्योता दिया था। इस मैच में ईशान किशन (77), सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 175 रन का लक्ष्य दिया था।
पाकिस्तान की टीम भारत के सामने बुरी तरह ढह गई। वह 18 ओवरों में सिर्फ 114 रन ही बना पाया। उसकी ओर से विकेटकीपर उस्मान खान (44) ने सर्वाधिक रनों का योगदा दिया था। वह पापरप्ले में ही 4 विकेट गंवाकर घोर दबाव में था और फिर बाकी बची पारी में कभी भी संघर्ष की स्थिति में नहीं आ पाया लेकिन इसके बावजूद ग्रुप A से भारत के साथ-साथ पाकिस्तान भी टूर्नामेंट के सुपर 8 में पहुंच चुका है।