बालों की देखभाल में हम अक्सर कंफ्यूज रहते हैं, क्योंकि बालों की सेहत से जुड़े अनेक मुद्दों पर सटीक जानकारी का अभाब है और बालों को त्वचा और चेहरे की देखभाल के मुकाबले कम ही महत्व दी जाती है जबकि बाल हमारे व्यक्तित्व को निखारने में अहम भूमिका निभाती हैं।
घने और खूबसूरत बाल हर किसी की चाहत होती है, लेकिन व्यस्त जीवनशैली और भागदौड़ भरी जिंदगी में बालों की देखभाल करना किसी चुनौती से कम नहीं है। कुछ लोग बाल झड़ने की समस्या से परेशान हैं तो कुछ सिर के तेलीय त्वचा से जूझते रहते हैं। कुछ रुसी से परेशान हैं, तो कुछ के बाल बहुत रूखे हैं। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो अपने बालों की देखभाल करके थक चुके होते हैं । लेकिन आपको बता दें कि स्वस्थ बाल पाना इतना भी मुश्किल काम नहीं है। तो चलिए अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन से ही जान लेते हैं कि बालों की देखभाल का सही तरीका:
1. संतुलित आहार
घने और मुलायम बालों के लिए अपने आहार में अंडे, चिकन, मछली, कई प्रकार की दालें, सोयाबीन, दही और पनीर को जरूर शामिल करें, क्योंकि स्वस्थ बालों के लिए प्रोटीन आवशयक हैं। बालों की सेहत के लिए बेरी, पालक, शकरकंद और एवोकाडो काफी मददगार हैं। पालक, मेथी, चुकंदर आदि के नियमित सेवन से बालों की जड़ो को पोषण मिलता हैं
2.पर्याप्त निंद
घने और मुलायम बालों के लिए नींद भी पूरी करें और खुद को तनावमुक्त रखें। रात की नींद आपके शरीर के साथ साथ आपके बालों को भी रिफ्रेश करती है। 6 -7 घण्टे की नियमित भरपूर नींद आपके बालों के विकास में भी काफी सहायक होती है। पर्याप्त नींद प्रोटीन संश्लेषण, कोशिका पुनरुद्वार और हार्मोन नियन्त्रण में सहायक होती है। जिससे बालों की कोशिकाओं को पोषण मिलता हैं और बालों का विकास होता है। पर्याप्त नींद बालों को झड़ने से रोकती है।
अधिक तनाव महिला हो या पुरुष दोनों के बाल झड़ने का मुख्य कारण है। तनाव से हार्मोन में बदलाव और कोर्टिसोल के बढ़ने की संभावना होती है। काम के प्रेशर, कम नींद, मानसिक थकान, बीमारी या असंतुलित हार्मोन बालों के झड़ने का मुख्य कारण है। जिससे बाल समय से पहले सफेद होने लगते है।
3.प्राकृतिक तत्वों को इस्तेमाल
बालों की देखभाल के लिए प्राकृतिक चीजों का अधिक इस्तेमाल आवश्यक है। बाजार में बेचे जाने वाले रसायनिक उत्पादों के नियमित प्रयोग से बालों पर काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस वजह से आपको घर पर ही हेयर क्लींजर तैयार करना चाहिए।
आप आंवला और रीठा शिकाकाई का उपयोग कर सकते हैं। यह आपके बालों को पोषण देने के साथ-साथ स्कैल्प को भी साफ करता है। बालों को धोने के लिए आप घर पर ही प्रकृतिक क्लींजर तैयार कर सकते हैं।
इसके लिए एक मुट्ठी सूखा रीठा, शिकाकाई और आंवला लें। इन्हें एक लीटर पानी में डालकर रात भर भीगने के लिए रख दें। अगले दिन जड़ी बूटियों को पानी के साथ धीमी आंच पर तब तक उबालें जब तक कि पानी आधा न रह जाए, लेकिन इसे तेज आंच पर न उबालें। अब इस मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर छलनी की मदद से इसे छान लें। फिर इस मिश्रण का इस्तेमाल अपने बालों को धोने के लिए करें।
4.बालों की ऑयलिंग
बालों में नियमित रूप से तेल लगाएं। बालों में हल्के हाथ से तेल से मसाज करें। इससे बालों की कोशिकाओं में रक्त का संचार बढ़ता है और बाल कोमल और मुलायम हो जाते हैं। ध्यान रहे कि आपको बालों को तेजी से रगड़ना नहीं है।
5.आवश्यक तेल
बालों के लिए नारियल का तेल या जैतून का तेल अधिक पोषणकारी है। बालों को स्वस्थ बनाने में भी बादाम का तेल कारगर हो सकता है। बालों में रुसी की समस्या के समाधान के लिए शुद्ध नारियल का तेल या तिल का तेल इस्तेमाल करके रुसी की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
शुद्ध जैतून के तेल को गर्म करके रूई की सहायता से रात में लगाने पर बालों की जड़ें मजबूत होती है। इसके साथ ही बालों में अधिक चमक बनाए रखने के लिए सुबह एक नींबू का रस को स्कैल्प पर लगाएं और आधे घंटे बाद बालों को धो लें। बालों के तिए अंडे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं इसमें सिलिकॉन, सल्फर और फैटी एसिड जैसे पोषक तत्व बालों में पोषण प्रदान करने में मदद करते हैं।