नई दिल्ली: काफी खींचतान के बाद आखिरकार रविवार को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने उतरने जा रहे हैं। उससे पहले ही पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने बयानबाजी शुरू कर दी है। टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहद कमजोर रहा है। भारत 7-1 से आगे है। इसके बावजूद हर बार की तरह इस बार भी पाकिस्तानी खिलाड़ी मुकाबले से पहले आत्मविश्वास भरे बयान दे रहे हैं।
ऐसे ही एक बयान आया है पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक की ओर से। उनकी गेंदबाजी एक्शन पर पहले ही सवाल उठ चुके हैं और इसको लेकर चर्चाएं भी हो रही हैं। भारत के कुछ पूर्व खिलाड़ी भी इस बहस में शामिल रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तारिक ने कहा कि भारत डर गया है इसलिए उनके खिलाफ चर्चा कर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है लेकिन उनके मुताबिक इससे दबाव भारत पर ही बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान खुलकर खेलेगा और बाहर क्या चर्चा हो रही है, इस पर ध्यान नहीं देगा।
तारिक ने यह भी कहा कि रविवार का मुकाबला एक नई लड़ाई होगा। उन्होंने माना कि अतीत में पाकिस्तान हारा है लेकिन एक समय ऐसा भी था जब पाकिस्तान लगातार जीतता था इसलिए पुराने रिकॉर्ड पर ज्यादा ध्यान देने का कोई मतलब नहीं है। उनका कहना है कि टीम का लक्ष्य साफ है—भारत को हराना और फिर विश्व कप जीतना।
पाकिस्तान के ओपनर शाहिबजादा फरहान ने भी आत्मविश्वास जताया। उन्होंने कहा कि टीम लगातार दो मैच जीतकर आ रही है और इस समय आत्मविश्वास मजबूत है। भारत के खिलाफ खेलना कोई नई बात नहीं है। टीम अलग मानसिकता के साथ उतरेगी क्योंकि विश्व कप में प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि टीम इस मैच को भी अन्य मैचों की तरह ही लेगी और इसे सिर्फ एक ग्रुप लीग मुकाबला मानेगी जिसे जीतना जरूरी है। अतिरिक्त दबाव लेने की जरूरत नहीं है।
एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था और वह याद अभी ताजा है। हालांकि फरहान का कहना है कि वह मुकाबला एकतरफा नहीं था। पाकिस्तान ने अंत तक संघर्ष किया था। उस हार से टीम को आत्मविश्वास मिला और गलतियों की समीक्षा की गई। उनका मानना है कि रविवार को भी पाकिस्तान जुझारू क्रिकेट खेलेगा और एक शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा।