नई दिल्ली: इस बार के टी20 विश्व कप में रोहित शर्मा को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। उन्होंने कहा है कि वह भारत के हर मैच में मौजूद रहेंगे। 2024 में टी20 विश्व कप जीतने वाले कप्तान का इस तरह टूर्नामेंट से जुड़ना खास माना जा रहा है लेकिन आईसीसी द्वारा उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या वह अब भविष्य में विश्व कप नहीं खेलेंगे। रोहित शर्मा और विराट कोहली की नजर 2027 के वनडे विश्व कप पर है। ऐसे में क्या वे उस टूर्नामेंट में नजर नहीं आएंगे? इन अटकलों के बीच रोहित ने खुद इस पर बयान दिया है।
हाल ही में रोहित शर्मा ने केविन पीटरसन के साथ एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहां उनसे 2027 विश्व कप खेलने को लेकर सवाल पूछा गया। इसके जवाब में रोहित ने साफ कहा कि वह विश्व कप जीतना चाहते हैं। 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में भारत को हार का सामना करना पड़ा था और टीम ट्रॉफी नहीं जीत सकी थी। रोहित उस अधूरे सपने को पूरा करना चाहते हैं। रोहित ने कहा कि वह खेलना चाहते हैं और देश के लिए विश्व कप जीतना चाहते हैं। वह हमेशा से 50 ओवर का विश्व कप जीतना चाहते थे। उन्होंने बताया कि वह उसी टूर्नामेंट को देखकर बड़े हुए हैं। उस समय न टी20 विश्व कप था, न आईपीएल और न ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप। तब क्रिकेट की सबसे बड़ी जंग देखने के लिए चार साल इंतजार करना पड़ता था और उसका रोमांच अलग ही होता था। वह अपनी पूरी ताकत लगाकर ट्रॉफी जीतना चाहते हैं।
रोहित शर्मा पहले ही टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत की जर्सी पहनी थी, जिसमें भारत 2-1 से सीरीज हार गया था। जब भी राष्ट्रीय टीम के साथ मैच नहीं होता, रोहित घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं। वह विजय हजारे ट्रॉफी में भी नजर आ चुके हैं। फिटनेस पर भी उन्होंने काफी मेहनत की है और वजन कम किया है। कुल मिलाकर वह खुद को 2027 विश्व कप के लिए तैयार कर रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या वह 2027 में दक्षिण अफ्रीका में विश्व कप ट्रॉफी उठाकर इतिहास रच पाएंगे।