सेंचुरियन : पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने शनिवार को देश के स्पिनरों पर पूरा भरोसा जताया। खास तौर पर वरुण चक्रवर्ती को वह आगामी टी20 विश्व कप में भारत के खिताब बचाने की बड़ी उम्मीद के रूप में देख रहे हैं। आने वाले विश्व कप के लिए भारत ने पहले ही एक मजबूत स्पिन आक्रमण तैयार कर लिया है। टीम में वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि टी20 विश्व कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी।
फिलहाल सौरव दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के कोच की भूमिका निभा रहे हैं। चुने हुए मीडिया संस्थानों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हां, घरेलू मैदान पर होने वाले विश्व कप से बड़ा कुछ नहीं होता और भारत हमेशा मेरी पसंदीदा टीम रहा है। उनकी स्पिन आक्रमण बेहद मजबूत है। अगर वरुण चक्रवर्ती फिट रहते हैं तो यह भारत के लिए निस्संदेह बहुत अच्छी खबर होगी।
53 वर्षीय सौरव पहली बार किसी टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिंदगी में पहली बार मुझे हेड कोच की जिम्मेदारी मिली है लेकिन मैं इसका आनंद ले रहा हूं। दरअसल मैं (दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक) पार्थ जिंदल के बहुत करीब हूं इसलिए उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी संभालने के लिए कहा और मैंने हामी भर दी। मैं सीख रहा हूं।
चाहे मैंने कितने भी मैच खेले हों या कितने ही मैचों में कप्तानी की हो यह भूमिका बिल्कुल अलग है। मैं कोचिंग कर रहा हूं और यह सीखने व समझने के लिए कर रहा हूं। सौरव ने यह भी बताया कि वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के क्रिकेट निदेशक के रूप में भी काम कर रहे हैं।
शनिवार को प्रिटोरिया कैपिटल्स ने बोलैंड पार्क में पार्ल रॉयल्स को 21 रन से हराकर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर जगह बना ली। यह उनकी लगातार दूसरी जीत थी इसलिए स्वाभाविक रूप से सौरव काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि जब भी आप किसी बड़े टूर्नामेंट में खेलते हैं चाहे वह विश्व कप हो, आईपीएल हो या SA20 आखिरी चरण में मुकाबला बेहद कठिन हो जाता है। उसी समय आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है। यह बहुत महत्वपूर्ण है। उम्मीद है कि हम इसी लय को बनाए रखेंगे लेकिन खेल में हर दिन नया दिन होता है इसलिए हम खुद को फिर से तैयार करेंगे और अगले मैच में नई शुरुआत करेंगे।