उभरती मॉडल ‘डायमंड गर्ल’ की रहस्यमय मौतः गुप्तांग पर चोट के निशान; मौत से पहले कहा था- ‘कासिम अच्छा लड़का’

By अमर्त्य लाहिड़ी, Posed by डॉ.अभिज्ञात

Nov 11, 2025 08:20 IST

भोपालः मध्य प्रदेश के सिहोर ज़िले में खुशबू आहिरवार नाम की 27 वर्षीय उभरती मॉडल की रहस्यमय मौत हो गई। सोमवार तड़के सिहोर के एक निजी अस्पताल में खुशबू मृत पाई गई। आरोप है कि उसका प्रेमी कासिम उसे बेहोशी की हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गया।

खुशबू के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को भोपाल भेज दिया गया है। वहाँ मजिस्ट्रेट की देखरेख में पोस्टमार्टम किया जाएगा। खुशबू की माँ लक्ष्मी आहिरवार और बहन ने आरोप लगाया है कि खुशबू की बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई। उन्होंने बताया कि उसके पूरे शरीर पर नीले-नीले चोट के निशान थे, उसका चेहरा भी सूज गया था। इसके अलावा खुशबू के गुप्तांग पर भी चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिवार को शक है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न भी किया गया होगा।

खुशबू मूल रूप से सागर ज़िले की रहने वाली थी। मॉडलिंग के शौक में उसने कॉलेज की पढ़ाई छोड़ दी थी और तीन साल पहले भोपाल आ गई थी। सोशल मीडिया पर वह ‘डायमंड गर्ल’ नाम से जानी जाती थी और अक्सर ग्लैमरस फोटोशूट की तस्वीरें साझा करती थी। उसके ऑनलाइन फॉलोअर्स की संख्या भी काफी थी। मॉडलिंग के साथ-साथ वह एक पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी। हाल ही में उसने कासिम नाम के एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप शुरू किया था। कासिम उज्जैन का रहने वाला है। घटना से मात्र तीन दिन पहले उसने खुशबू की माँ को फोन कर उनके रिश्ते के बारे में बताया था।

उसने यह भी कहा था कि वह खुशबू को लेकर उज्जैन जा रहा है। बाद में खुशबू ने भी अपने परिवार को फोन कर आश्वस्त किया था और कहा था कि कासिम अच्छा लड़का है। यही उनका परिवार के साथ उनका आख़िरी संवाद था। फिलहाल पुलिस फरार कासिम की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस उससे पूछताछ करना चाहती है। परवलिया थाना अधिकारियों ने बताया कि वे फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहे हैं। इसी रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि खुशबू की मौत गला दबाने से हुई या नहीं और शरीर पर मिले चोट के निशान बलात्कार या बर्बर मारपीट का परिणाम हैं या नहीं।

पुलिस ने कहा है कि हत्या और यौन उत्पीड़न दोनों ही संभावनाओं पर जांच जारी है। उधर, खुशबू के परिवार की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव के हस्तक्षेप की मांग की गई है। मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए खुशबू की बहन ने कहा कि यह घटना आपके इलाके में हुई है, सर प्लीज़ कुछ कीजिए। मेरी दीदी को न्याय दिलाइए।

Prev Article
आत्मघाती हमला ? धीरे-धीरे आकर रुकी थी वही कार...
Next Article
Red Fort Blast: हरियाणा की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के दो डॉक्टर समेत तीन हिरासत में, विश्वविद्यालय पर दो FIR दर्ज

Articles you may like: