नयी दिल्लीः बांग्लादेश के आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने भारी बहुमत से जीत हासिल की है। बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। शपथग्रहण समारोह 17 फरवरी को होगा। इस समारोह में शामिल होने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बांग्लादेश की ओर से आमंत्रित किया गया है। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने यह निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
ढाका स्थित संसद भवन में तारिक रहमान का शपथग्रहण समारोह आयोजित होगा। बीएनपी सूत्रों के अनुसार उस दिन सुबह से ही नवनिर्वाचित सांसद शपथ लेंगे। दिन के अंत में प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ ग्रहण करेंगे। बांग्लादेश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ए. एम. नासिर उद्दीन इस शपथग्रहण समारोह का संचालन करेंगे। दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों के इसमें उपस्थित रहने की संभावना है।
नवनिर्वाचित सरकार के शपथग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए 13 देशों के प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने यह निमंत्रण भेजा है। इस सूची में भारत, चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। कूटनीतिक हलकों का मानना है कि भारत को दिया गया निमंत्रण विशेष महत्व रखता है क्योंकि भारत और बांग्लादेश के संबंध लंबे समय से रहे हैं। हालांकि हसीना के बाद की परिस्थितियों में बांग्लादेश में भारत-विरोधी भावनाएं उभर कर सामने आई थीं। ऐसे में नई सरकार के दौर में दोनों देशों के संबंध कितने सहज रहेंगे, इस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजर है।
हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है लेकिन उनके ढाका जाने की संभावना कम मानी जा रही है। उसी दिन मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ उनका कार्यक्रम निर्धारित है। यदि मोदी स्वयं न जाएं, तो भारत की ओर से शपथग्रहण समारोह में विदेश मंत्री एस. जयशंकर या उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।