मुंबईः उन्नीस साल के एक छात्र ने मेडिकल कॉलेज में दाखिले के दिन ही आत्महत्या कर ली। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के नावरगांव इलाके की घटना है। उसका शव गले में फांसी लगी हुई अवस्था में घर में लटका मिला। कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृत युवक का नाम अनुराग अनिल बोरकर है। इसी साल उसने डॉक्टरी की प्रवेश परीक्षा पास की थी। आरक्षित वर्ग की सूची में पूरे भारत में उसका परसेंटाइल 99.99 था। उसने 1475 रैंक हासिल की थी। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज में उसका दाखिला होना था।
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि जिस दिन उत्तर प्रदेश जाना था, उसी दिन उसने आत्महत्या कर ली। उसके कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सूत्रों के अनुसार, अनुराग ने नोट में लिखा है कि वह डॉक्टर नहीं बनना चाहता।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या परिवार उस पर डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए दबाव बना रहा था और यही दबाव उसकी आत्महत्या का कारण बना।