मौसम का मिजाज बदला: बर्फबारी और बेमौसम बारिश से उत्तर भारत में जनजीवन प्रभावित

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गत 24 घंटों से जारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं, बिहार में मानसून की वापसी और नेपाल में हो रही वर्षा के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गये हैं।

By डॉ.अभिज्ञात

Oct 08, 2025 16:17 IST

नई दिल्ली। उत्तर भारत का मौसम इस समय चुनौतीपूर्ण हो चुका है। पहाड़ों की बर्फबारी ने एक ओर जहां प्राकृतिक सुंदरता का दृश्य रचाया है, वहीं आपदाओं और कठिनाइयों की स्थिति भी पैदा कर दी है। मौसम के रुख को देखते हुए प्रशासन और आमजन, दोनों के लिए यह समय सतर्कता का है।

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में जारी बर्फबारी अब आपदा का रूप लेने लगी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गत 24 घंटों से जारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं, बिहार में मानसून की वापसी और नेपाल में हो रही वर्षा के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गये हैं। सर्दी की यह दस्तक अब मैदानी इलाकों तक पहुंच चुकी है, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश: लाहौल-स्पीति में पारा शून्य से नीचे, भूस्खलन 16 की मौत: हिमाचल प्रदेश में भीषण ठंड और बर्फबारी का दौर जारी है। लाहौल-स्पीति का तापमान -0.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी दौरान बिलासपुर जिले में एक निजी बस भूस्खलन की चपेट में आ गई, जिसमें 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

जम्मू-कश्मीर में बर्फीले तूफान में फंसे 25 आदिवासी बचाये गयेः डोडा जिले के ऊपरी इलाकों में बर्फीले तूफान के बीच फंसे बकरवाल समुदाय के 25 लोगों को सेना ने सुरक्षित बचा लिया। ये लोग अपने 420 मवेशियों के साथ बर्फबारी की चपेट में आ गये थे। ये जनजातीय परिवार किश्तवाड़ जिले के पद्दर, मारवाह, दचन और वारवान क्षेत्रों से होते हुए भद्रवाह के रास्ते कठुआ, जम्मू और सांबा की ओर जा रहे थे। खन्नी टॉप पोस्ट पर तैनात सैनिकों को इस आपदा की सूचना मिली तो उन्होंने 10,000 फीट की ऊंचाई पर अभियान चलाकर 11 पुरुष, 10 महिलाओं, 4 बच्चों के साथ-साथ 250 भेड़ों, 150 बकरियों और 20 घोड़ों को सुरक्षित निकाला।

चारधाम यात्रा के बीच बर्फबारी से तीर्थयात्री मुश्किल मेंः उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थ स्थलों बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में मंगलवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। हेमकुंड साहिब में 2 से 3 इंच बर्फ गिरी। केदारनाथ में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इस समय राज्य में चारधाम यात्रा का दूसरा चरण जारी है। बर्फबारी के कारण रास्तों में फिसलन और ठंड बढ़ने से तीर्थयात्रियों को कठिनाइयों से जुझना पड़ रहा है।

तीन दिन बाद वैष्णो देवी यात्रा बहालः जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा को तीन दिन के बाद फिर से शुरू कर दिया गया है। 5 से 7 अक्टूबर तक खराब मौसम के चलते यात्रा स्थगित कर दी गई थी। मौसम में सुधार के साथ मंगलवार को श्रद्धालुओं को फिर से मंदिर तक जाने की अनुमति दी गई।

बिहार में मानसून की वापसी से तबाही, 5 जिलों में बाढ़ जैसे हालातः बिहार में लौटते मानसून की बारिश और नेपाल में हो रही भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे राज्य के पांच जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गये हैं। सुपौल जिले में लगभग 5,000 घरों में पानी भर गया है, जबकि मधुबनी में एक लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश से फसलें और जनजीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

मैदानी इलाकों में ठंड की दस्तकः पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में भी दिखने लगा है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान गिर गया है। दिन और रात के तापमान में तेजी से अंतर आया है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।


Prev Article
कमल के आकार का टर्मिनल, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन करेंगे मोदी
Next Article
बिहार चुनाव के बाद मोदी का कांग्रेस पर ताबड़तोड़ हमला, राहुल गांधी को ‘नामदार’ कहकर तंज कसा

Articles you may like: