नई दिल्लीः दिल्ली से लंदन हीथ्रो जा रहा था एयर इंडिया का ए350 विमान तकनीकी समस्या के कारण गुरुवार दोपहर वापस दिल्ली लौट आया। यह विमान लगभग सात घंटे तक हवा में रहने के बाद सुरक्षित रूप से राजधानी में उतरा।
सूत्रों के अनुसार यही विमान 15 मार्च को भी तकनीकी खराबी का सामना कर चुका था। उस समय न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही उड़ान को आयरलैंड के शैनन शहर की ओर मोड़ना पड़ा था। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली से लंदन जा रही उड़ान AI111 को एक संभावित तकनीकी गड़बड़ी के कारण एहतियातन वापस दिल्ली लाया गया। विमान सुरक्षित उतर चुका है और एयरलाइन के सख्त सुरक्षा मानकों के अनुरूप इसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि उड़ान के दौरान विमान से असामान्य आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद उसे वापस लौटाने का निर्णय लिया गया। एयरलाइन ने इस अप्रत्याशित स्थिति से यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया और आश्वासन दिया कि यात्रियों को जल्द से जल्द लंदन भेजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि विमान में सवार यात्रियों की सटीक संख्या की जानकारी नहीं मिल सकी है।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार विमान लगभग चार घंटे तक उड़ान में रहने के बाद, जब वह सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था, तभी उसे वापस मोड़ने का निर्णय लिया गया। कुल मिलाकर यह विमान करीब सात घंटे तक हवा में रहा, जिसमें वापसी भी शामिल है। यह उड़ान गुरुवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और दोपहर लगभग 12:30 बजे वापस दिल्ली पहुंची।
गौरतलब है कि एयर इंडिया ने जनवरी 2024 से ए350-900 विमानों का संचालन शुरू किया है।