नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में एक 16 वर्षीय किशोर की चाकू से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर टीम गली नंबर 13, नेहरू विहार पहुंची, जहां एक किशोर गंभीर हालत में बेहोश मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
जांच के दौरान 13 से 17 वर्ष की उम्र के तीन नाबालिगों को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक अभियुक्तों में से एक को कथित तौर पर परेशान करता था।
इस संबंध में दयालपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस टीम ने सुरागों के आधार पर मृतक की पहचान भी कर ली है और आगे की जांच जारी है।