दाऊद का सहयोगी दुबई से भारत लाया गया, मुंबई पहुंचते ही गिरफ्तार, 250 करोड़ के मादक पदार्थ मामले में था ‘वॉन्टेड’

मुंबई पुलिस ने दुबई से निर्वासित किए गए दाऊद के सहयोगी मोहम्मद सलीम को किया गिरफ्तार किया है। सलीम के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था।

By अमर्त्य लाहिड़ी, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Oct 23, 2025 20:05 IST

मुंबईः अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को दुबई से अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी मोहम्मद सलीम को भारत प्रत्यर्पित किया गया। उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था, लेकिन वह लंबे समय से फरार था। गुरुवार को जैसे ही वह मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहम्मद सलीम भारत भर में फैले एक विशाल मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का संचालन करता था। पिछले वर्ष एक मामले में मुंबई पुलिस ने 150 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग जब्त की थी। उसी मामले की जांच के दौरान सलीम का नाम सामने आया था। जांच में यह भी पता चला कि जब्त की गई मात्रा भले ही कम थी, लेकिन उसके पीछे 250 करोड़ रुपए के अवैध मादक पदार्थ निर्माण और तस्करी गिरोह का हाथ था।

गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि सलीम फरार अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के सहयोगी सलीम डोला के लिए काम करता था। वह मुंबई और दुबई- दोनों जगह सक्रिय था। इस मादक पदार्थ नेटवर्क के ज़रिए उसने करोड़ों रुपए कमाए। अब मुंबई पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी शाखा ने सलीम डोला की तलाश में अलग अभियान शुरू किया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मोहम्मद सलीम न केवल भारत में मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क चला रहा था, बल्कि हवाला नेटवर्क के माध्यम से विदेशों में धन शोधन भी करता था। सलीम की गिरफ्तारी से इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और कई अहम जानकारियों के सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सलीम को दुबई से भारत लाया गया। गिरफ्तारी के बाद उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि इसे केवल एक गिरफ्तारी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह मुंबई में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह को एक बड़ा झटका है। मुंबई पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी शाखा और अपराध शाखा की एक संयुक्त टीम इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े कई और अभियुक्तों को जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकेगा।

Prev Article
थरूर ने ट्रम्प के रूसी तेल संबंधी दावे की आलोचना की, कहा-'भारत अपने फैसलों की घोषणा खुद करेगा’
Next Article
Red Fort Blast: हरियाणा की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के दो डॉक्टर समेत तीन हिरासत में, विश्वविद्यालय पर दो FIR दर्ज

Articles you may like: