छात्राओं के यौन उत्पीड़न के अभियुक्त फरार चैतन्यानंद आगरा में गिरफ्तार

By एलिना दत्त, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Sep 28, 2025 11:46 IST

आगराः स्वयंभू 'बाबा' स्वामी चैतन्यानंद कई दिनों की छिपा-छिपी के बाद आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ 17 छात्राओं के यौन उत्पीड़न सहित कई आरोप हैं। दिल्ली के वसंत कुंज के एक निजी प्रबंधन कॉलेज के प्रमुख, 62 वर्षीय इस स्वयंभू धर्मगुरु को रविवार की तड़के आगरा के एक होटल से पुलिस ने गिरफ्तार किया।

शिकायत दर्ज होने के बाद से फरार थेः दिल्ली के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट-रिसर्च के निदेशक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती के खिलाफ शिकायत दर्ज होते ही वे फरार हो गए थे। निजी संस्थान की 17 छात्राओं ने उनके खिलाफ अश्लील भाषा का प्रयोग और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

लुकआउट सर्कुलर जारी थाः लगभग दो महीने से फरार स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पार्थसारथी नाम से भी जाने जाते हैं। उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था।

वित्तीय अनियमितता मामले में अग्रिम जमानत खारिजः इसके साथ ही संस्थान के धन के दुरुपयोग का आरोप भी जुड़ा है। यह स्वघोषित धर्मगुरु श्री शृंगेरी मठ प्रशासन के भी निदेशक पद पर थे। उस ट्रस्ट के पैसे के दुरुपयोग का आरोप भी उनके खिलाफ है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत ने श्री शृंगेरी मठ प्रशासन द्वारा दायर शिकायत के आधार पर वित्तीय अनियमितता के मामले में पार्थसारथी की अग्रिम जमानत की अर्जी खारिज कर दी थी।

जाली पासपोर्ट बनाने का भी आरोपः शृंगेरी मठ और पुलिस ने अदालत को यह भी बताया कि धन के दुरुपयोग के लिए एफआईआर दर्ज होने के बाद, पार्थसारथी ट्रस्ट के पैसे लेकर फरार हो गए और बैंक से लगभग 55 लाख रुपये निकाल लिए। इसके अलावा अलग नाम से एक जाली पासपोर्ट भी बनाने का आरोप उनके खिलाफ उठा है।

Prev Article
टीवीके के प्रमुख व अभिनेता विजय की रैली में भगदड़, 38 लोगों की मौत
Next Article
बिहार चुनाव के बाद मोदी का कांग्रेस पर ताबड़तोड़ हमला, राहुल गांधी को ‘नामदार’ कहकर तंज कसा

Articles you may like: