ढाकाः गुरुवार को 14 साल बाद ढाका और कराची के बीच डायरेक्ट फ्लाइट्स की शुरुआत हो गई है। बांग्लादेश की फ्लाइट BG-341 ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रात 8 बजे उड़ी और रात 11 बजे कराची के जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस मौके पर फ्लाइट को ‘वॉटर सैल्यूट’ दिया। अधिकारियों ने इसे दोनों देशों के बीच दोस्ताना रिश्तों का एक नया चैप्टर बताया।
बांग्लादेशी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस इस रूट पर हफ्ते में दो बार फ्लाइट्स ऑपरेट करेगी। ढाका से कराची पहुंचने में फ्लाइट को लगभग 3 घंटे लगते हैं, जबकि कराची से ढाका आने में 4 घंटे 20 मिनट का समय लगता है। फिलहाल यह सर्विस ट्रायल बेसिस पर शुरू की गई है और 30 मार्च तक स्थिति का रिव्यू किया जाएगा। यदि सब कुछ सकारात्मक रहा, तो यह सर्विस स्थायी रूप से लागू की जा सकती है।
जानकारों के अनुसार, 2012 के बाद से ढाका और कराची के बीच डायरेक्ट फ्लाइट्स बंद होने के कारण यात्रियों को दुबई या दोहा होते हुए जाना पड़ता था। इस वजह से समय और खर्च दोनों अधिक होते थे। डायरेक्ट फ्लाइट्स शुरू होने से यह समस्या खत्म होगी और इसके साथ ही व्यापारिक रिश्तों में भी सहूलियत आएगी।
इतिहास पर नजर डालें तो लिबरेशन वॉर के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के रिश्ते धीरे-धीरे तनावपूर्ण होते गए। जमात समर्थक नेताओं पर केस और फांसी के फैसलों ने द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित किया और 2012 में फ्लाइट्स पूरी तरह बंद कर दी गई थीं।
हालांकि, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हसीना वजीर के समय से दोनों देशों के रिश्तों में सुधार आया। पिछले साल अगस्त में पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार के बांग्लादेश दौरे के दौरान हवाई सर्विस शुरू करने पर बातचीत हुई और पिछले महीने पाकिस्तान की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने फॉर्मल मंज़ूरी दी। इसके तुरंत बाद ढाका-कराची फ्लाइट शुरू की गई।
विशेषज्ञ मानते हैं कि डायरेक्ट फ्लाइट्स से दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन में बढ़ोतरी हो सकती है और यात्रियों को समय और खर्च की बचत भी होगी। इस नई शुरुआत को दोनों देशों ने उत्साह और दोस्ताना भाव के साथ स्वागत किया।