🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बांग्लादेश में आज हो रहा है मतदान, सत्ता के लिए 51 पार्टियां मैदान में

संसदीय चुनाव के अलावा, देश ‘नेशनल चार्टर 2025’ पर जनमत संग्रह भी करा रहा है। यह एक दस्तावेज है, जिसे मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने तैयार किया है, जो भविष्य की शासन व्यवस्था की आधारशिला रखेगा

By डॉ. अभिज्ञात

Feb 12, 2026 12:28 IST

ढाका (बांग्लादेश): देश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन और उनकी लंबे समय की प्रतिद्वंद्वी शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर जारी प्रतिबंध के बीच आज बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान आज हो रहा है। देश के राजनीतिक इतिहास में यह एक अहम कदम माना जा रहा है क्योंकि देश एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है। इसे एक निर्णायक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि देश दशकों से चले आ रहे ‘बेगमों की लड़ाई’ के दौर से आगे बढ़ने की ओर देख रहा है। बांग्लादेश एक संसदीय गणराज्य है, जहां कार्यकारी शक्ति प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल वाली निर्वाचित सरकार के पास होती है। राष्ट्रपति औपचारिक राष्ट्राध्यक्ष होते हैं और संसद द्वारा परोक्ष रूप से पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए चुने जाते हैं।

मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ जो शाम 4:30 बजे (स्थानीय समय) तक होगा। मतगणना 12 फरवरी को शाम 4 बजे से शुरू होगी। चुनाव आयोग 13 फरवरी की सुबह, जैसे-जैसे गिनती पूरी होगी, आधिकारिक परिणाम घोषित करेगा।

लगभग 12.7 करोड़ पात्र मतदाताओं के साथ, दुनिया का आठवां सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश मतदान कर रहा है। अल जज़ीरा के अनुसार, लगभग आधे मतदाता 18 से 37 वर्ष की आयु के बीच हैं, जिनमें 45.7 लाख पहली बार मतदान करने वाले हैं।

बांग्लादेश में अवामी लीग को छोड़कर 59 पंजीकृत राजनीतिक दल हैं। चुनाव आयोग ने पिछले वर्ष अवामी लीग का पंजीकरण निलंबित कर दिया था, जिससे वह उम्मीदवार नहीं उतार सकती। इनमें से 51 दल इस वर्ष के चुनाव में भाग ले रहे हैं। कुल 1,981 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 249 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।

अल जज़ीरा के अनुसार चुनाव लड़ने वाले प्रमुख दलों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी), जमात-ए-इस्लामी, नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी), जातीय पार्टी (जेपी-कादर), जातीय पार्टी (जेपी-एरशाद), लेफ्ट डेमोक्रेटिक अलायंस और आमार बांग्लादेश पार्टी (एबी पार्टी) शामिल हैं,

भ्रष्टाचार, महंगाई, रोजगार और आर्थिक विकास इस चुनाव के प्रमुख मुद्दे हैं। अल जज़ीरा ने बताया कि संसदीय चुनाव के अलावा, देश ‘नेशनल चार्टर 2025’ पर जनमत संग्रह भी करा रहा है। यह एक दस्तावेज है जिसे मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने तैयार किया है, जो भविष्य की शासन व्यवस्था की आधारशिला रखेगा।

ढाका ट्रिब्यून ने रिपोर्ट दी है कि चुनाव मतदान के पूर्व बांग्लादेश के गृह सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल एमडी जहांगीर आलम चौधरी (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को चेतावनी दी थी कि राष्ट्रीय चुनाव के दौरान मतपेटी छीनने, फर्जी मतदान या अन्य अनियमितताओं जैसी घटनाएं होने पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों और चुनाव अधिकारियों के खिलाफ “कड़ी” कार्रवाई की जाएगी।

Prev Article
रूस से तेल खरीदना बंद करेगा भारत ? ट्रंप के दावे पर लावरोव का पलटवार
Next Article
छिटपुट अशांति, 4 मौतें, बांग्लादेश में वोटिंग खत्म, काउंटिंग शुरू

Articles you may like: