खार्किव, यूक्रेनः खार्किव के बोहोदुखिव में मंगलवार की रात एक घर की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। रूसी ड्रोन हमले में तीन मासूम बच्चों और उनके पिता की मौत हो गयी, जबकि गर्भवती मां गंभीर रूप से झुलस गई। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस हमले को आम और बेगुनाह नागरिकों पर सीधा वार बताते हुए दुख जाहिर किया।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि मंगलवार को एक रूसी ड्रोन ने बोहोदुखिव में एक निजी आवास को निशाना बनाया जिससे यह दर्दनाक घटना हुई। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रपति ने कहा कि बुधवार सुबह जापोरिज्जा के एक शहर के अस्पताल पर ड्रोन हमला किया गया। सुमी क्षेत्र में रातभर हुए हमलों में छह लोग घायल हुए जिनमें बच्चे भी शामिल हैं और एक व्यक्ति की मौत हो गयी। द्निप्रो, जापोरिज्जा और पोल्टावा क्षेत्रों में भी हमलों की खबर है।
जेलेंस्की के अनुसार, सीमा से सटे और अग्रिम मोर्चे वाले इलाकों में हमले लगातार जारी हैं। खेरसन क्षेत्र में पिछले 24 घंटों में करीब 470 ड्रोन दागे गए जिनमें से अधिकतर को मार गिराया गया। हालांकि कुछ ने बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे हमले युद्ध समाप्त करने के कूटनीतिक प्रयासों में भरोसा कमजोर कर रहे हैं। जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोप के सहयोगियों से जमीनी हालात को समझने की अपील की। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि उनके कूटनीतिज्ञ अंतरराष्ट्रीय साझेदारों को सुरक्षा स्थिति के बारे में बतायेंगे और प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी साझा करेंगे।