टक्सनः हुडी और काली पैंट पहने, हाथ में राइफल लिए एक अज्ञात व्यक्ति यूनिवर्सिटी ऑफ एरिज़ोना के पास घूमता दिखाई दिया। अमेरिका के एरिज़ोना राज्य के शहर टक्सन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही इलाके में दहशत फैल गई। टक्सन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक उसके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस का कहना है कि कैम्पस के छात्र-छात्राएं सुरक्षित हैं।
बुधवार दोपहर से यह वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रीक रो इलाके में भी एक राइफलधारी को देखे जाने की शिकायत मिली। घटना से कैम्पस के आसपास के लोग चिंतित हो गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध व्यक्ति कैम्पस के भीतर नहीं, बल्कि बाहर था। यूनिवर्सिटी ऑफ एरिज़ोना पुलिस के अनुसार वीडियो की तकनीकी जांच चल रही है और मामले की आधिकारिक जांच टक्सन पुलिस कर रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पुलिस विभागों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। करीब एक घंटे तक पूरे क्षेत्र में गश्त की गई, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नहीं मिला। सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया गया कि विश्वविद्यालय परिसर को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, लेकिन प्रशासन ने लॉकडाउन की खबरों को खारिज कर दिया। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि स्थिति नियंत्रण में है और छात्रों को किसी तरह का खतरा नहीं है। यूनिवर्सिटी ऑफ एरिज़ोना पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि कैम्पस की सभी गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं। टक्सन पुलिस के अनुसार कैम्पस के आसपास नियमित गश्त की जा रही है और अब तक कोई संदिग्ध चीज सामने नहीं आई है।