🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

25 साल से जमा हो रहे थे मादुरो और उनके घनिष्ठ लोगों के खिलाफ आरोप, अमेरिका अब अंजाम देखना चाहता है

मादुरो और उनके करीबी लोगों के खिलाफ क्या-क्या आरोप हैं?

By शमीक घोष, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Jan 05, 2026 13:40 IST

वाशिंगटनः वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलास मादुरो, उनकी पत्नी सिलीया अडेला फ्लोरेस दे मादुरो, उनके एक बेटे और देश के प्रशासन के कई शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ अमेरिका ने ढेरों आरोप लगाए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार अवैध रूप से सत्ता पर काबिज़ मादुरो ड्रग तस्करी और हथियारों की तस्करी के किंगपिन हैं। पिछले कई दशकों से मादुरो बड़े-बड़े नेटवर्क का इस्तेमाल कर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।

ट्रंप प्रशासन के अधिकारी अब मादुरो का अंत देखना चाहते हैं।

मादुरो के खिलाफ क्या-क्या आरोप हैं?

1. नेशनल असेंबली के सदस्य रहते हुए वेनेजुएला के कानून का दुरुपयोग कर टनों कोकीन की तस्करी।

2. विदेश मंत्री रहते हुए ड्रग तस्करों को राजनयिक पासपोर्ट देना और अवैध धन की हेराफेरी करने वालों को विमानों के ज़रिये देश से बाहर भेजने की व्यवस्था करना।

3. अवैध रूप से सत्ता के शीर्ष पर रहकर सरकारी शक्ति का दुरुपयोग करते हुए दशकों तक मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी। राष्ट्रपति पद पर रहते हुए अपने और अपने करीबी लोगों के हित में कोकीन तस्करी को बढ़ावा देना। यह भी आरोप है कि वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था के बड़े हिस्से में फैले कोकीन कारोबार की जानकारी होने के बावजूद उसके खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया गया।

मादुरो के करीबी लोगों के खिलाफ क्या-क्या आरोप हैं?

1. डियोसदादो काबेलो रोंदोन-वेनेजुएला के आंतरिक और न्याय मंत्री, मादुरो के बेहद करीबी। आरोप है कि 2006 में उन्होंने जहाज़ के ज़रिये वेनेजुएला से मेक्सिको साढ़े 5 टन कोकीन भेजने में सक्रिय मदद की थी। इसके बदले उन्हें 2.5 मिलियन डॉलर मिले।

2. रामोन रोड्रिगेज़ चासिन-वेनेजुएला के पूर्व आंतरिक और न्याय मंत्री तथा मादुरो के करीबी। आरोप है कि उन्होंने एक बड़े ड्रग तस्कर को गिरफ़्तारी और प्रत्यर्पण से बचाने के लिए हज़ारों डॉलर की रिश्वत ली।

3. सिलीया अडेला फ्लोरेस-मादुरो की पत्नी। आरोप है कि 2007 में उन्होंने वेनेजुएला के एक बड़े ड्रग तस्कर और देश के एंटी-ड्रग कार्यालय के निदेशक के बीच मध्यस्थता कराने के बदले हज़ारों डॉलर की रिश्वत ली।

4. निकोलास अर्नेस्टो मादुरो गुएरा- राष्ट्रपति मादुरो के बेटे, जो वेनेजुएला में “प्रिंस” नाम से अधिक जाने जाते हैं। आरोप है कि 2014 और 2015 में वे महीने में दो बार फ़ाल्कन 900 विमान से मार्गारीटा द्वीप गए, जिन विमानों में मादक पदार्थ भरे होने का आरोप है। यह भी आरोप है कि 2017 में उन्होंने वेनेजुएला से मियामी कई सौ किलो कोकीन भेजी।

5. हेक्टर रुस्थेनफोर्ड गुएरेरो फ्लोरेस-राष्ट्रपति मादुरो के करीबी और आपराधिक गिरोह “ट्रेन दे आरागुआ” के नेता। उनके खिलाफ हत्या, अपहरण, वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों की तस्करी, देह व्यापार संचालन, महिला तस्करी, डकैती और अवैध धन शोधन जैसे गंभीर आरोप हैं।

Prev Article
नेपाल के मधेश में हालात तनावपूर्ण, धार्मिक मुद्दे पर प्रदर्शन और झड़प
Next Article
मोदी मुझसे खुश नहीं हैं’-भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत टैरिफ को लेकर ट्रंप की टिप्पणी, क्या बढ़ रही है दूरी?

Articles you may like: