बॉलीवुड के दमदार एक्शन हीरो सनी देओल इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में हैं। लगातार हिट प्रोजेक्ट्स के बाद अब उनके फैंस की निगाहें उनकी अगली फिल्म ‘गबरू’ पर टिक गई हैं, जो 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।
निर्देशक शशांक उदापुरकर के निर्देशन में बनी और निर्माता विशाल राणा व ओम छंगानी द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म को सनी देओल ने अपने दिल के बेहद करीब बताया है। उनका कहना है कि ‘गबरू’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि जज़्बे, पहचान और हिम्मत की कहानी ह, वो तत्व जो हमेशा से उनके करियर की पहचान रहे हैं।
फिल्म में सनी देओल के साथ सिमरन और प्रीत कमानी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी में इमोशन, दमदार डायलॉग्स और एक्शन का तड़का देखने को मिलेगा। संगीत की जिम्मेदारी मिथुन ने संभाली है, जबकि गीतों को सईद कादरी, सतिंदर सरताज और अनुराग सैकिया ने शब्दों से सजाया है।
इधर, सनी देओल अपनी हालिया रिलीज़ ‘बॉर्डर 2’ की सफलता का भी जश्न मना रहे हैं। 23 जनवरी को रिलीज़ हुई इस फिल्म में वे एक बार फिर वर्दी में नजर आए और दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म में उनके साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिकाओं में हैं। 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म देशभक्ति और एकजुटता का दमदार संदेश देती है।
‘बॉर्डर 2’ की सक्सेस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब एक पत्रकार ने सनी को “सनी देओल 2.0” कहा तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “इतने साल पता नहीं कहाँ छुपा हुआ था। बस मेहनत करते रहो, अपने काम से प्यार करो और कभी हिम्मत मत हारो। समय कब बदल जाए, कोई नहीं जानता लेकिन आपको तैयार रहना चाहिए।”
सनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दिवंगत पिता धर्मेंद्र और ईश्वर की कृपा को दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा, “ये सब मेरे पापा का आशीर्वाद और वाहेगुरु की मेहर है… लोगों ने पहले भी प्यार दिया और आज भी उतना ही प्यार दे रहे हैं।”
अब देखना दिलचस्प होगा कि 8 मई को ‘गबरू’ बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है। लेकिन इतना तय है- सनी देओल का जोश और उनका अंदाज़ एक बार फिर बड़े पर्दे पर गरजने वाला है!