मुंबई : नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म निर्माता नितिन चंद्रा द्वारा निर्देशित भोजपुरी फिल्म ‘छठ’ को भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के 56वें संस्करण में इंडियन पैनोरमा सेक्शन के लिए चयनित किया गया है। भारत की भावनात्मक और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी यह फिल्म ‘छठ’ बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि को समर्पित एक मार्मिक सिनेमाई श्रद्धांजलि है। यह फिल्म भारत के सबसे पवित्र त्योहारों में से एक छठ पूजा में निहित भक्ति, अनुशासन और अटूट विश्वास को उजागर करती है।
यह फिल्म इस साल अक्टूबर में वेव्स ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज़ हुई थी, जिसमें दीपक सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे। निर्माता नीतू चंद्रा ने आईएफएफआई, गोवा 2025 में भोजपुरी फिल्म ‘छठ’ की स्क्रीनिंग को लेकर अपनी खुशी जताई। उन्होंने इसे टीम के लिए एक गर्व और भावनात्मक क्षण बताया। पोस्टर साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि हम सभी के लिए यह गर्व और भावनाओं से भरा पल है। हमारी फिल्म ‘छठ’ को आधिकारिक रूप से आईएफएफआई, गोवा 2025 के लिए चयनित किया गया है। यह वास्तव में खास है। आईएफएफआई में किसी भोजपुरी फिल्म को दिखाए जाने का यह केवल दूसरा या तीसरा मौका है। हमारी भाषा, कहानियों और संस्कृति को इतने बड़े मंच पर चमकते देखना भोजपुरी सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
फिल्म के चयन पर निर्देशक नितिन नीर चंद्रा ने कहा कि यह सम्मान केवल हमारी फिल्म के लिए नहीं, बल्कि पूरे बिहार और उसके लोगों के लिए है। ‘छठ’ के माध्यम से हमने उस गरिमा, दृढ़ता और गर्व को दिखाने की कोशिश की है, जो हमारी संस्कृति की पहचान है।
भाई-बहन की जोड़ी, नितिन और नीतू चंद्रा अपनी फिल्मों के जरिए बिहार की छवि बदलने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। वे अपने राज्य की प्रतिभा, परंपराओं और कहानियों को बड़े पर्दे पर सम्मानजनक रूप में पेश कर रहे हैं।