अपने करोड़ों प्रशंसकों के दिलों में अपनी जगह बनाने वाले बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज 60 साल के हो गए हैं। उनकी मुस्कान, उनकी स्टाइल और उनका लहजा उनके फैंस को हमेशा आकर्षित करता रहा है। शाहरुख खान का 60वां जन्मदिन 2 नवंबर 2025 को मनाया जा रहा है। देर रात से ही उनकी प्रशंसा और बधाई संदेशों की बारिश होने लगी। उनके फैंस, दोस्त और सहकर्मी सोशल मीडिया और उनके घर मन्न पर एकत्र होकर इस दिन को खास बनाने पहुंचे। जन्मदिन के मौके पर नए फिल्म टीज़र, यादगार फिल्मों की रिलीज़ और उनकी उम्र को लेकर मज़ेदार प्रतिक्रियाएँ भी सामने आईं। शाहरुख खान के जादू और उनके करिश्मे ने फिर साबित कर दिया कि वह सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि फैंस के दिलों के भी बादशाह हैं।
नई फिल्म 'किंग' का टीज़रः जन्मदिन पर शाहरुख की नई फिल्म किंग का टीज़र रिलीज़ हुआ। इसमें शाहरुख का नया और डरावना अंदाज दिखाया गया है। टीज़र में तेज़ एक्शन और गंभीर भूमिका में उनका प्रदर्शन है। यह फिल्म 2026 में रिलीज़ होगी और फैंस इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं।
हर पीढ़ी में उनके फैंसः शाहरुख के फैंस मिलेनियल्स से लेकर जेनरेशन Z तक हैं, जो उनकी फिल्मों और व्यक्तित्व के दीवाने हैं। हर साल उनके जन्मदिन पर मन्नत के बाहर भारी भीड़ जमा होती है। फैंस उनके लिए गाते, नाचते और बैनर लेकर आते हैं। कुछ फैंस विदेश से भी सिर्फ उन्हें देखने आए थे। शाहरुख का अपनापन और सरलता उन्हें सभी उम्र के लोगों के दिलों में खास जगह बनाती है।
शशि थरूर ने कहा-शाहरुख का 60 का होना मुश्किल हैः कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने अपनी मज़ेदार टिप्पणी में शाहरुख को 'बॉलीवुड के असली बादशाह' कहा। उन्होंने मज़ाक में लिखा कि शाहरुख का 60 साल का होना मुश्किल है क्योंकि शाहरुख हमेशा जवान दिखते हैं। थरूर ने इसे 'बायोलॉजी का उल्टा खेल और 'बेन्ज़ामिन बटन जैसा जीवन' कहा।
यादगार बॉलीवुड फिल्में अब नेटफ्लिक्स परः शाहरुख की कई प्रसिद्ध फिल्में नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध हो गई हैं। यश राज फिल्म्स और नेटफ्लिक्स की साझेदारी ने बॉलीवुड की क्लासिक फिल्मों को दुनिया के 190 देशों में पहुँचाया।
टीवी से फिल्मों तक का सफरः शाहरुख ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की थी। उन्होंने फौजी और सर्कस जैसे धारावाहिकों में काम किया, जिसने लोगों को ध्यान अपनी ओर खींचा। फिर उन्होंने फिल्मों में कदम रखा और जल्द ही सफलता उनके कदम चूमने लगी। दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, दिल तो पागल है, कल हो ना हो, स्वदेश, पठान और जवान जैसे फिल्मों में उनके अभिनय का जादू लोगों पर खूब चला। शाहरुख के अभिनय का विशेष अंदाज पूरी दुनिया में मशहूर होने लगा।
रोमांस के बादशाहः शाहरुख की फिल्मों में प्यार को बहुत खूबसूरती से दिखाया जाता रहा है। हालांकि फिल्म ‘डर’ में उनका जुनूनी और गहरा प्यार अविस्मरणीय रहा है। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में वह भूमिका सकारात्मकता से भरा उठी थी और उनके प्यार का भावुक और ईमानदार प्रेमी का रूप उभर कर सामने आया। उनकी हर फिल्म में उनका प्यार एक अतिरिक्त खासियत लिए नजर आया।
शाहरुख और व्यवसायः शाहरुख केवल अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक सफल व्यवसायी भी साबित हुए। उन्होंने अपनी फिल्म कंपनी बनाई है। वे क्रिकेट टीम के मालिक भी हैं। उनकी गणना दुनिया की प्रमुख पत्रिकाओं में उन्हें सबसे प्रभावशाली लोगों के तौर पर होती है।
पत्नी व संतानेंः शाहरुख एक अच्छे पिता और पति भी हैं। पत्नी गौरी खान और तीन बच्चों आर्यन, सुहाना और अबराम के साथ उनका परिवार एक भरा-पूरा आकार लेता है। शाहरुख अपने बच्चों के साथ समय बिताते हैं और उनके प्यार दिखाते अक्सर नजर आते रहे हैं। उनके बेटे आर्यन खान फिल्मों में निर्देशन कर रहे हैं। उनका पहला प्रोजेक्ट बहुत पसंद किया गया। उन्होंने विदेश में फिल्म और टेलीविजन की पढ़ाई की है। आर्यन ने अपना व्यवसाय भी शुरू किया है। बेटी सुहाना खान ने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। उन्होंने छोटी फिल्मों में अपनी प्रतिभा दिखाई है और वह अपने फैशन सेंस और स्टाइल के लिए जानी जाती हैं। उनकी आने वाली फिल्म पिता शाहरुख के साथ है। शाहरुख की तीसरी संतान हैं-अबराम खान। वे फैंस के बीच बहुत लोकप्रिय हैं। उन्हें अक्सर पिता के साथ कार्यक्रमों और क्रिकेट मैचों में देखा जाता है।