किसी को खाना-पीना, डिस्को-क्लबिंग का शौक होता है तो कोई फिल्मी दुनिया में खोए रहना पसंद करता है। इन सबमें ही कुछ ऐसे भी लोग होते हैं जो आज की डिजिटल हो रही दुनिया में भी किताबों के बीच रहना ज्यादा पसंद करते हैं। अगर आप भी उनमें से एक हैं तो इस आर्टिकल को पूरा जरूर पढ़े। हम आपको कुछ काम की बातें बताने वाले हैं।
किताबों की दुनिया ऐसी होती है जिसमें प्रवेश करने वाले लोग इसमें ही खो जाते हैं। अगर शोर-शराबे से दूर अगर किसी शांत जगह पर बैठकर किताबें पढ़ने का मौका मिले तो कहना ही क्या होगा। लेकिन इसमें सबसे बड़ी समस्या होती है सदस्यता की! क्या आप जानते हैं कोलकाता में कुछ पुस्तकालय ऐसे भी हैं जहां आपको अपनी पसंदीदा किताबों को पढ़ने के लिए एक रुपया भी खर्च करने की जरूरत नहीं होगी।
जी हां, हम यहां आपको कोलकाता की कुछ निःशुल्क पुस्तकालयों के बारे में बता रहे हैं जहां आप शहर के शोर से दूर अपनी मनपसंद किताबों के साथ खूबसूरत शामें बिता सकते हैं (वह भी निःशुल्क)।
यहां शहर की गलियों में स्थित चार ऐसी पुस्तकालयों की सूची दी गई है, जहां आप मुफ्त में किताबें पढ़ सकते हैं :
1. जगत मुखर्जी पार्क लाइब्रेरी
जगत मुखर्जी पार्क में स्थित यह पुस्तकालय सुरक्षा गार्ड सत्यरंजन दोलुई द्वारा संचालित है। हरियाली से घिरे इस छोटे से स्थान में किताबों का समृद्ध संग्रह है। मैगजीन से लेकर बच्चों की क्लासिक्स तक, यहां 1,000 से अधिक पुस्तकें हैं, जो इसे पाठकों के लिए स्वर्ग बनाती हैं। ज्ञान और दिलचस्प पठन सामग्री आपको यहां मिल जाएगी।
पता 1, जतिंद्र मोहन एवेन्यू, शोभाबाजार
समय : सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक
2. लिटिल फ्री लाइब्रेरी
यह पुस्तकालय आपसी भरोसे पर चलता है। लेक मॉल के पास स्थित लिटिल फ्री लाइब्रेरी में निःशुल्क किताब साझा किया जाता है। यहां लोग बिना किसी शुल्क या सदस्यता के अपनी पसंदीदा किताबें पढ़ते हैं।
पता : 6A, महाराजा नंदा कुमार रॉय रोड (लेक मॉल के पास)
समय : 24 घंटे खुला
3. फ्री लाइब्रेरी ऑफ उत्तर अड्डा
उत्तर कोलकाता में अड्डा का आनंद किताबों के बिना अधूरा ही माना जाता है। इसी सोच के साथ श्यामबाजार के कुछ निवासियों ने उत्तर के अड्डा फ्री लाइब्रेरी की शुरुआत की। यहां एक चाय की दुकान का अड्डा, रंगीन ग्रैफिटी और मुफ्त में पढ़ी जा सकने वाली ढेर सारी किताबें। इससे ज्यादा किसी पुस्तकप्रेमी को और क्या ही चाहिए!
पता : राजा दिनेंद्र स्ट्रीट, श्यामबाजार (देशबंधु पार्क के सामने)
समय : 24 घंटे खुला
4. दास गुप्ता एंड कंपनी ओपन लाइब्रेरी
1886 में स्थापित यह पुस्तकालय अपनी ऐतिहासिक विरासत लिए कॉलेज स्ट्रीट में स्थित है। यह किताबों की दुकान दास गुप्ता एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी दूसरी मंजिल को सार्वजनिक निःशुल्क पुस्तकालय में बदल दिया है। आगंतुक यहां घंटों बैठकर पढ़ सकते हैं, लेकिन किताब उधार नहीं ली जा सकती। प्रवेश के लिए वैध पहचान प्रमाण आवश्यक है।
पता : 54/3, कॉलेज स्ट्रीट (प्रेसिडेंसी यूनिवर्सिटी के सामने)
समय: सुबह 10:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक।