🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

निवेश, तकनीक और कारोबार में सहयोग बढ़ाने पर भारत-जापान की सहमति

भारत-जापान व्यापार रिश्तों को नई गति, पीयूष गोयल की JIBCC चेयरमैन से अहम बैठक

By रजनीश प्रसाद

Dec 16, 2025 15:53 IST

नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जापान-भारत व्यापार सहयोग समिति (JIBCC) के चेयरमैन तत्सुओ यासुनागा के साथ बैठक की। इस बैठक में भारत और जापान के बीच व्यापार और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में वाणिज्य मंत्री ने कहा कि उनकी तत्सुओ यासुनागा और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ एक सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई। पीयूष गोयल ने कहा कि जापान-भारत व्यापार सहयोग समिति के चेयरमैन श्री तत्सुओ यासुनागा और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ एक उपयोगी चर्चा हुई। भारत-जापान व्यापार संबंधों को और मजबूत करने, कारोबारी सहयोग बढ़ाने और प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार को प्रोत्साहित करने के अवसरों पर बातचीत की। आपसी विकास और समृद्धि के लिए इस गतिशील साझेदारी को और गहराई देने की दिशा में आगे बढ़ने को लेकर उत्साहित हूं।

भारत और जापान के बीच व्यापारिक रिश्ते मजबूत और लगातार बढ़ते हुए हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-जापान के बीच द्विपक्षीय व्यापार 25.17 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। इसमें जापान से भारत को निर्यात 18.92 अरब डॉलर, जबकि भारत से जापान को आयात 6.25 अरब डॉलर का रहा।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में जापान से भारत को होने वाला निर्यात भारत के कुल आयात का 2.06 प्रतिशत रहा, जबकि भारत से जापान को होने वाला निर्यात भारत के कुल निर्यात का 0.75 प्रतिशत था। इस दौरान भारत ने जापान को करीब 3,900 वस्तुओं का निर्यात किया, जो दोनों देशों के बीच व्यापार की विविधता को दर्शाता है।

वित वर्ष 2025 में भारत से जापान को निर्यात की जाने वाली प्रमुख वस्तुओं में इंजीनियरिंग उत्पाद (2.44 अरब डॉलर), जैविक और अकार्बनिक रसायन (1.06 अरब डॉलर), समुद्री उत्पाद (408.45 मिलियन डॉलर), इलेक्ट्रॉनिक सामान (658.45 मिलियन डॉलर), रत्न एवं आभूषण (239.51 मिलियन डॉलर) और दवाइयां व फार्मास्यूटिकल्स (231.52 मिलियन डॉलर) शामिल रहे। वहीं आयात के मोर्चे पर भारत ने वित वर्ष 2025 में जापान से करीब 4,000 वस्तुओं का आयात किया। इस दौरान जापान से भारत को कुल आयात 18.92 अरब डॉलर रहा। प्रमुख आयात वस्तुओं में न्यूक्लियर रिएक्टर (3.31 अरब डॉलर) और इलेक्ट्रिकल मशीनरी व उपकरण (2.01 अरब डॉलर) शामिल रहे।

वाणिज्य मंत्री और JIBCC चेयरमैन की यह मुलाकात दोनों देशों के बीच हाल ही में हुए उच्चस्तरीय राजनीतिक संवादों के बाद हुई है। जापान के प्रधानमंत्री इशिबा शिगेरु के निमंत्रण पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29-30 अगस्त 2025 को जापान का आधिकारिक कार्यकारी दौरा किया था। इस दौरान 15वां भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ। शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने उच्चस्तरीय बैठकों, मंत्रिस्तरीय और संसदीय संवादों की निरंतरता का स्वागत किया, जो द्विपक्षीय रिश्तों में गहरे विश्वास और मजबूती को दर्शाता है।

पिछले एक दशक में भारत-जापान साझेदारी ने सुरक्षा, रक्षा, व्यापार, निवेश, वाणिज्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, मोबिलिटी, संस्कृति और जन-से-जन संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय विस्तार किया है।

Prev Article
AI, इरादा और भारत का समय : ब्रांडिंग विशेषज्ञ डॉ. एरिक जोआचिमस्थेलर से हुई एक खास बातचीत
Next Article
विश्व वाणिज्य में ट्रेड नीतियों का हथियार के तौर पर हो रहा इस्तेमाल : निर्मला सीतारमण

Articles you may like: