🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मंड्या में बनेगा विश्वस्तरीय ARAI केंद्र, ₹500 करोड़ के निवेश से ऑटोमोबाइल सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा

केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी का ऐलान, 100 एकड़ जमीन की जरूरत, केंद्र ने बजट में किया प्रावधान।

By श्वेता सिंह

Feb 09, 2026 09:16 IST

मैसूरु/मंड्याः केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने घोषणा की है कि उनके लोकसभा क्षेत्र मंड्या में वैश्विक स्तर का ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना पर पहले चरण में लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा जबकि आगे और निवेश की भी संभावना है।

रविवार को मैसूरु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुमारस्वामी ने कहा कि यह परियोजना मंड्या और मैसूरु क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि होगी और कर्नाटक के ऑटोमोबाइल उद्योग को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित ARAI केंद्र के लिए करीब 100 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी, जिसे राज्य सरकार से प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कुमारस्वामी ने कहा, “मेरी इच्छा है कि गुणवत्ता और उत्कृष्टता का यह विश्वस्तरीय केंद्र मंड्या में स्थापित हो। इसके लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।” उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पत्र लिखकर भूमि आवंटन का अनुरोध किया है और उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार जल्द ही इस पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि ARAI एक प्रमुख स्वायत्त अनुसंधान एवं विकास संस्था है, जो भारी उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करती है। यह संस्था वाहन सुरक्षा, उत्सर्जन नियंत्रण और तकनीकी मानकों से जुड़े परीक्षण, प्रमाणन और अनुसंधान की मुख्य प्राधिकृत एजेंसी है। पुणे मुख्यालय वाली ARAI सरकार और ऑटोमोबाइल उद्योग के बीच सेतु का काम करती है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 21 जनवरी को राज्य के राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने मंड्या के उपायुक्त को पत्र लिखकर परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान करने के निर्देश दिए थे।

अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि यह ARAI केंद्र ही उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जैसे ही राज्य सरकार भूमि आवंटित करेगी, हम तेजी से इस परियोजना को धरातल पर उतारेंगे। केंद्र सरकार कर्नाटक के ऑटोमोबाइल सेक्टर को मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Prev Article
अमेरिका के साथ खेती और डेयरी को लेकर हुई डील, समझें भारत ने कैसे मार ली बाजी
Next Article
भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर विपक्ष की आपत्तियां, राजनीतिक प्रतिक्रियाएं हुई तेज

Articles you may like: