नई दिल्ली : चाहे आपके पास सिंगल सिलेंडर हो या डबल सिलेंडर, रसोई गैस (LPG) की बुकिंग के नियम पहले जैसी ही रहेंगे। केंद्रीय पेट्रोलियम और गैस मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मंत्रालय के अनुसार एक सिलेंडर मिलने के बाद शहरी क्षेत्र में अगला सिलेंडर 25 दिन बाद बुक किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्र में यह अवधि 45 दिन है।
केंद्र ने यह भी बताया कि देश में LPG का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति के बारे में कोई चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जो उपभोक्ता हैं, उन्हें अपनी सिलेंडर बुकिंग को लेकर तनाव लेने की जरूरत नहीं है।
समस्या कहां उत्पन्न हुई?
हाल ही में सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर यह अफवाह फैल गई कि LPG बुकिंग की अवधि बढ़ा दी गई है। कहा गया कि उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन वाले लोग 45 दिन के अंतराल पर बुकिंग कर सकते हैं, जबकि सिंगल सिलेंडर वाले 25 दिन और डबल सिलेंडर वाले 35 दिन के बाद।
लेकिन मंत्रालय ने 25 मार्च को स्पष्ट किया कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि इस तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें और बुकिंग के मामले में जल्दीबाजी न करें।
एक राष्ट्रीय समाचार माध्यम के अनुसार पेट्रोलियम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि देश के सभी तेल परिष्करण संयंत्र अपनी अधिकतम क्षमता पर काम कर रहे हैं। उनके पास पर्याप्त कच्चा तेल मौजूद है और LPG उत्पादन को भी बढ़ाया जा रहा है।