पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले राजनीतिक पारा चढ़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजीव शुक्ला, मुकेश सहनी और प्रशांत किशोर समेत अलग अलग दलों के कई बड़े नेताओं ने राज्य के अलग-अलग जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। जहां एनडीए ने 'सुशासन' और 'विकास' के नाम पर वोट मांगा, वहीं महागठबंधन ने बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और 'वोट चोरी' के मुद्दे को उछाला। पहले चरण में रिकॉर्ड 64.66% मतदान के बाद अब 11 नवंबर को दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा।
मोदी का हमला- राजद के झूठे वादों पर कांग्रेस को भी नहीं भरोसाः औरंगाबाद की रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने महागठबंधन पर तंज़ कसते हुए कहा कि कांग्रेस को भी राजद के घोषणापत्र पर भरोसा नहीं है, जो झूठ का पुलिंदा है। बिहार ने जंगलराज को ठुकरा दिया है और अब फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने एनडीए के ‘संकल्प पत्र’ को बिहार के भविष्य की गारंटी बताया।
कमल या तीर से हटे तो लौट आएगा जंगलराज-अमित शाहः जमुई में अमित शाह ने जनता से अपील की कि वे कमल (भाजपा) और तीर (जदयू) का बटन दबाकर जंगलराज की वापसी रोकें। ज़रा सी गलती हुई तो बिहार में फिर अपहरण और भय का दौर लौट आएगा। उन्होंने लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी पर तंज़ कसा कि अगर वे आए तो ‘अपहरण विभाग’ खुल जाएगा।
राहुल गांधी ने आरोप दोहराया-भाजपा और ईसी ने मिलकर की वोट चोरीः भागलपुर में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बिहार चुनाव में भी वोट चोरी की साज़िश चल रही है। हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोटर जोड़े गए और अब वही षड्यंत्र बिहार में दोहराया जा रहा है। हमारे पास सबूत हैं कि मोदी-शाह और चुनाव आयोग ने मिलकर लोकतंत्र को कमजोर किया। युवा 'वोट चोरी' के खिलाफ खड़े हों और सच्चाई के लिए लड़ें।
राहुल गांधी मानसिक रूप से दिवालिया-धर्मेन्द्र प्रधान: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे झूठ फैलाने वाले स्टार्टअप चला रहे हैं। तीन दिन पहले उन्होंने ‘हाइड्रोजन बम’ गिराने की बात कही थी, जो खुद ही फुस्स हो गया। उन्होंने राहुल को मानसिक रूप से दिवालिया और नाटकबाज़ बताया जो न तथ्य पेश करते हैं, न हिम्मत रखते हैं। यह उनका राजनीतिक चरित्र बन गया है-आरोप लगाओ और भाग जाओ।
राजीव शुक्ला का दावा-पहले चरण में महागठबंधन को 80 सीटें: गया में कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने दावा किया कि पहले चरण के 121 सीटों में से 80 सीटें महागठबंधन के खाते में जाएंगी। उन्होंने मतदाताओं के उत्साह को महागठबंधन के पक्ष में लहर बताया।
एनडीए कुछ दिन खुश रहे, बदलाव तय है-मुकेश सहनीः वीआईपी प्रमुख और महागठबंधन के नेता मुकेश सहनी ने कहा कि एनडीए कुछ दिन वोट प्रतिशत देखकर खुश रह सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया में हर क्षेत्र से करीब 20,000 वोट काटे गए हैं। बिहार का बेरोजगार युवा बदलाव चाहता है, वो अब मोदी-नीतीश के झांसे में नहीं आएगा। 14 नवंबर को परिणाम महागठबंधन के पक्ष में आएंगे।
प्रवासी मजदूर बने बिहार चुनाव का X फैक्टर-प्रशांत किशोरः जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि इस चुनाव में प्रवासी मजदूर निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। छठ पूजा के बाद लौटे प्रवासी मतदाता बड़ी संख्या में बदलाव के लिए वोट दे रहे हैं। 14 नवंबर को इतिहास रचा जाएगा, यह बदलाव का वोट है। बिहार की 60% से ज़्यादा जनता बदलाव चाहती है।