नदिया के कल्याणी कॉलेज ऑफ मेडिसीन व जेएनएम अस्पताल से डॉक्टरी के एक छात्र का शव बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त छात्र का शव ब्वॉयज हॉस्टल के कमरे से बरामद हुआ है। मृतक का नाम पुलक हल्दार बताया जाता है। आखिरी बार उक्त छात्र को 20 फरवरी को कॉलेज कैंटिन में देखा गया था। दावा किया जा रहा है कि उसके बाद से छात्र हॉस्टल में अपने कमरे में ही था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 3 दिनों से हॉस्टल में छात्र के कमरे का दरवाजा बंद था। पिछले कुछ दिनों में न तो छात्र के बारे में किसी ने खोज खबर ही ली थी। गुरुवार की सुबह जब कमरे से दुर्गंध आने लगी तो पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर से छात्र का सड़ा हुआ शव बरामद किया। छात्र की हत्या की गयी है या उसने आत्महत्या की है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा।
मेडिकल कॉलेज सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलक हल्दार दक्षिण 24 परगना जिले के धामुया का रहने वाला था। अगले महीने उसकी परीक्षाएं होने वाली थी। अंतिम वर्ष (Final Year) में वह गाइनोकोलॉजिस्ट और जनरल सर्जरी की परीक्षा नहीं देना चाहता था। सहपाठियों और अध्यापकों ने उसे काफी समझाया भी था।
जेएनएम सूत्रों के हवाले से दावा किया जाता है कि पुलक हाल ही में मानसिक तौर पर थोड़ा परेशान था। वह डिप्रेशन का शिकार हो गया था जिस वजह से वह मनोरोग विशेषज्ञ से सलाह भी ले रहा था। वह न तो अपने कमरे से ज्यादा बाहर निकलता था और न ही किसी से ज्यादा बातचीत करता था। कैंटिन के पास ही उसका कमरा था। कैंटिन के मालिक ने सबसे पहले गौर किया कि पिछले कुछ दिनों से पुलक हल्दार कहीं दिख नहीं रहा है। इसके बाद उसके बारे में खोज खबर शुरू की गयी थी।