कोलकाताः बंगाल में अभी तक चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। हालांकि जनता को अपने पक्ष में मोड़ने के लिए बंगाल BJP के बड़े नेताओं ने वोट मांगने के लिए घर-घर जाकर कैंपेन करना शुरू कर दिया है। कई वादे करने के साथ ही भाजपा नेता यह भरोसा भी दिला रहे हैं कि ‘अगर BJP सत्ता में आई तो भी आपका भत्ता ऐसे ही मिलता रहेगा।’
अंतरिम बजट में राज्य सरकार ने ‘लक्ष्मी भंडार’ की राशि को और बढ़ा दी है। इसके साथ ही ‘युवा साथी स्कीम’ शुरू कर दिया है। इस योजना के तहत सेकेंडरी स्कूल पास युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने का ऐलान किया गया है। 'युवा साथी' आवेदन लेने के लिए हर मोहल्ले में शिविर भी लगाए गए हैं। राज्य सरकार की इस ‘योजना’ ने एक झटके में चुनावों के दौरान BJP की फजीहत बढ़ा दी है। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि अगर BJP सत्ता में आई तो राज्य में महिलाओं के लिए सब्सिडी बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दी जाएगी। हालांकि BJP का केंद्रीय नेतृत्व यह अच्छी तरह समझ चुका है कि सिर्फ वादे काफी नहीं होंगे। इसीलिए पार्टी नेताओं को घर-घर जाकर जनता को 'भत्ता' मिलने का भरोसा दिया जा रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार बुधवार को नॉर्थ 24 परगना के पानीहाटी विधानसभा इलाके में 'गृह संपर्क' कैंपेन में गए थे। वे हर घर में भत्ता के मुद्दे पर वोटरों को भरोसा दिलाते दिखे। पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 34 में एक घर में जाकर उन्होंने कहा, 'राज्य की हालत बहुत खराब है। पिछले पंद्रह सालों में छह हजार से ज्यादा उद्योग पश्चिम बंगाल छोड़कर बाहर जा चुके हैं। ऐसे में लोगों को भत्ता देना बिल्कुल सही कदम है। हमारी सरकार भी भत्ता देगी। हम इसकी राशि को और अधिक बढ़ाएंगे। भत्ता कोई नहीं रोकेगा। अगर कोई और भी सत्ता में आया तो वे भी इसे नहीं रोकेंगे। हमें लोगों के लिए नौकरी का इंतजाम करना होगा।' सुकांत मजुमदार को यह कहते भी सुना गया, 'हम 'लक्ष्मी भंडार' को 'अन्नपूर्णा भंडार' में बदल देंगे। हम भत्ता की राशि को बढ़ा देंगे।'
अगले एक महीने तक राज्य BJP के सभी बड़े नेताओं को अलग-अलग विधानसभा इलाकों में घर-घर जाकर कैंपेन करना होगा। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें निर्देश दिया गया है कि अगर BJP सत्ता में आई तो वह कोई भत्ता नहीं रोकेगी। ऐसा समझा जा रहा है कि महिलाओं का विश्वास जीतने के लिए ही सुकांत मजुमदार महिलाओं को भरोसा दिलाते दिखे कि उनका भत्ता चालू रहेगा। बुधवार को पानीहाटी से तृणमूल MLA निर्मल घोष ने उन पर तंज कसते हुए कहा, 'उन्होंने घर-घर जाकर 'लक्ष्मी भंडार' के बारे में झूठे वादे किए हैं। इस विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं ममता बनर्जी के साथ ही रहेंगी।’
RG Kar की पीड़िता भी पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र की रहने वाली थीं। इसलिए, वहां जाकर सुकांत मजुमदार ने आरजीकर का मुद्दा उठाया और कहा, ‘इस विधानसभा ने बहुत मुश्किलें झेली हैं। इसने घर की बेटियों के साथ बहुत कुछ होते देखा है। यहां के वोटर तृणमूल कांग्रेस को माफ नहीं करेंगे। वे इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। आरजीकर की घटना के दौरान स्थानीय MLA की भूमिका क्या थी, यह सभी ने देखा है।’