पिछले दिनों कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया था कि बंगाल में 'महा-जंगलराज' चल रहा है। आखिर यह 'महा-जंगलराज' है क्या? यह समझाने के लिए भाजपा ने एक पुस्तक 'आंधारेर कतो-कथा' (अंधेरे की कितनी बातें) का लोकार्पण किया है।
हिंदी, बांग्ला और अंग्रेजी तीन भाषाओं में यह किताब लिखी गयी है जिसमें घुसपैठ की समस्या, महिलाओं की सुरक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाया गया है। इन मुद्दों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए जहां आंकड़े पेश किए गए हैं, वहीं कार्टून का सहारा भी लिया गया है।
पार्टी स्तर पर फैसला लिया गया है कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत से पहले ही मतदाताओं के घर-घर जाकर इस किताब को भाजपा कार्यकर्ता पहुंचा देंगे। इसके साथ ही समाज के विशिष्ठ व्यक्तित्वों के घर जाकर भी उन्हें यह किताब सौंपने की योजना पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बनायी है। यह काम बिल्कुल उसी तर्ज पर किया जाएगा जैसा तृणमूल कांग्रेस के नेता राज्य सरकार के पिछले 15 सालों का लेखा-जोखा 'उन्नयनेर पांचाली' लेकर मतदाताओं के घर-घर पर पहुंचे।
भाजपा बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र बनाने का काम शुरू कर चुकी है। चुनाव में अगर भाजपा जीतती है तो वे क्या-क्या बदलाव और सुधार करेंगे, इस घोषणापत्र में उनके बारे में ही बताया जाएगा। लेकिन प्रदेश भाजपा के नेताओं का कहना है कि उससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने पिछले 15 सालों के दौरान क्या-क्या नहीं किया है और किन-किन क्षेत्रों में बंगाल पिछड़ गया है, इस बारे में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ही यह पुस्तक जारी की गयी है।
क्या कहना है दोनों पार्टी के नेताओं का?
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य का आरोप है कि पिछले 15 सालों में 6000 से अधिक कंपनियां बंगाल छोड़कर चली गयी है। राज्य के शिक्षित बेरोजगार काम की तलाश में दूसरे राज्यों का रूख कर रहे हैं। इस राज्य की अर्थव्यवस्था एकदम टूट गयी है। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था की स्थिति भी भयावह है। हमारी बातों में इन सभी बातों का उल्लेख किया गया है।
वहीं तृणमूल प्रवक्ता अरुप चक्रवर्ती ने कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के जमाने में देशभर में बेरोजगारी बढ़ी है। देश को बेच दिया जा रहा है। पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं। रुपए के बाजार मूल्य में गिरावट आयी है और डॉलर का मूल्य बढ़ रहा है। जो लोग चोरी करके भाग जा रहे हैं भाजपा उन्हें सेफ पैसेज दे रही है। वहीं बंगाल के गरीबों लोगों के 100 दिनों के रोजगार परियोजना का आवंटन रोका कर रखा गया है। उस भाजपा के मुंह से बंगाल के लोग बड़ी-बड़ी बातें सुनना पसंद नहीं करेंगे।