सिलीगुड़ीः उत्तर बंगाल को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हाल ही में सिलीगुड़ी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनका लक्ष्य उत्तर बंगाल के लोगों का “अभिमान” दूर कर विकास को नई दिशा देना है। उन्होंने कहा कि उत्तर और दक्षिण बंगाल को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर बंगाल लंबे समय से भाजपा का मजबूत आधार रहा है। 2009 से लेकर विभिन्न चुनावों में इस क्षेत्र के समर्थन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल ने राज्य में भाजपा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हर महीने उत्तर बंगाल का दौरा
शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि अब मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल हर महीने उत्तर बंगाल का दौरा करेगा। उनका कहना है कि इससे प्रशासन सीधे जनता के संपर्क में रहेगा और क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करके विकास को आगे बढ़ाएगी।
‘कथनी नहीं, करनी’ पर जोर
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान यह भी कहा कि उनका उद्देश्य केवल भाषण देना नहीं, बल्कि काम करना है। उन्होंने संकेत दिया कि उत्तर बंगाल में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रशासनिक निगरानी रखी जाएगी।
घोषणा के तहत उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक हर सप्ताह एक दिन उत्तरकन्या में कार्यालय करेंगे। इसके साथ ही आम लोगों की शिकायतें सुनने और विभागीय समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
पांच जिलों के विकास पर फोकस
सिलीगुड़ी में हुई प्रशासनिक बैठक में कूचबिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों के अधिकारियों के साथ चर्चा हुई। बैठक में चाय उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और बाढ़ नियंत्रण जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
सरकार ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए एक समन्वय समिति बनाने की बात भी कही है, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।