कैलेंडर पर दिसंबर का दूसरा सप्ताह शुरू हुआ है। पुरानी कहावत 'देर आएद दुरुस्त आएद' के तर्ज पर ही सर्दी ने आते ही शानदारी पारी खेलनी शुरू कर दी है। इस सप्ताह में सर्दी की इस पारी में कोई रुकावट आने की संभावना भी नहीं है। राज्य के दोनों क्षेत्रों, उत्तर व दक्षिण में इस समय सर्द माहौल छाया हुआ है। बात अगर महानगर कोलकाता की करें तो यहां भी तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।
मौसम विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव का क्षेत्र अथवा चक्रवात बनने का कोई संभावना नहीं है। इस वजह से कारण उत्तरी हवाएं बंगाल में आसानी से प्रवेश कर रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि सप्ताहांत में तापमान और नीचे लुढ़क सकता है।
रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे
कोलकाता में रात का तापमान लगातार तीन दिनों से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन था। उस दिन कोलकाता में तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। सोमवार को महानगर का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है।
वहीं बात अगर दक्षिण बंगाल की करें तो यहां के जिले भी पीछे नहीं हैं। बांकुड़ा में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस जबकि श्रीनिकेतन में 9.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल में दिन हो या रात हर समय तापमान सामान्य से कम ही है। यह स्थिति अगले 7 दिनों तक बनी रहेगी। हालांकि बताया जाता है कि तटीय इलाकों में कोहरा छाने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में भी सर्दियों की शानदार शुरुआत हो चुकी है। दार्जिलिंग का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस और अलीपुरदुआर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस है। उत्तर बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में ठंड के साथ-साथ सुबह होते ही घना कोहरा भी छाने लग रहा है। इस वजह से उत्तर बंगाल के स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर बंगाल में कोहरे का प्रभाव अभी और बढ़ सकता है।