कोयला तस्करी के मामले में एन्फोर्समेंट डिरेक्टोरेट (ED) ने पूर्व पुलिस कर्मी मनोरंजन मंडल को फिर से तलब किया है। शुक्रवार को उन्हें सॉल्टलेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में हाजिर होने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि पिछले सोमवार को भी मनोरंजन मंडल को ED ने हाजिर होने के लिए बुलाया था लेकिन उस दिन वह उपस्थित नहीं हुए।
अब एक बार फिर से केंद्रीय जांच अधिकारी ने समन भेजा। मनोरंजन के साथ ही दुर्गापुर के सेपको टाउनशिप के व्यवसायी प्रवीर दत्त को भी इसी मामले में ED ने तलब किया है।
3 फरवरी को मनोरंजन मंडल के घर पर ED ने तलाशी अभियान चलाया था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोयला तस्करी के मामले में भारी मात्रा में 'प्रोटेक्शन मनी' के लेनदेन के मामले में उक्त पुलिस कर्मी का नाम आया था। गौरतलब है कि मनोरंजन मंडल का नाम इससे पहले भी विवादों में घिर गया था।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार साल 2024 में राज्य प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मनोरंजन मंडल के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश भी दिया था। उस समय मनोरंजन मंडल को सस्पेंड भी कर दिया गया था।
इसके साथ ही ED ने प्रवीर दत्त के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया। कोयला तस्करी के मामले में गैरकानूनी आर्थिक लेनदेन में उनका कोई हाथ है या नहीं, इसकी जांच भी की जा रही है। ED सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोयला तस्करी के आरोप में जांच को धीरे-धीरे केंद्रीत करने की कोशिश की जा रही है। इसके उद्देश्य से ही मनोरंजन व प्रवीर को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। हालांकि सवाल यह उठता है कि क्या दोनों ED के सामने उपस्थित होंगे या नहीं?