कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर यात्रियों सेवाएं सामान्य होने का नाम ही नहीं ले रही है। गुरुवार को दिन के व्यस्त समय में रवींद्र सरोवर मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस वजह से एक बार फिर से मेट्रो सेवाएं आंशिक रूप से बाधित हुई।
बताया जाता है कि फिलहाल दक्षिणेश्वर से मैदान और महानायक उत्तम कुमार से शहीद खुदीराम स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाएं उपलब्ध हैं। मैदान से महानायक उत्तम कुमार मेट्रो स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाएं वर्तमान में उपलब्ध नहीं है।
फिर से कब सामान्य होगी मेट्रो सेवाएं?
मीडिया रिपोर्ट में मेट्रो रेल सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि गुरुवार की शाम को लगभग 4.45 बजे रवींद्र सरोवर मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री ने रेल लाइन पर कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। बताया जाता है कि तुरंत ट्रैक पर बिजली की आपूर्ति को बंद कर यात्री को बचाने की कोशिश की गयी।
बताया जाता है कि यात्री की जान बच गयी है लेकिन विद्युतापूर्ति बंद होने की वजह से ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवाएं आंशिक रूप से बाधित हुई। ऑफिस से वापस लौटते समय यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आखिरकार शाम को करीब 5.47 बजे मेट्रो सेवाएं फिर से सामान्य हुई।