कोलकाता के कसबा इलाके में एक अस्वाभाविक मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुमित सेन (64) के तौर पर हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को वह अपने फ्लैट से बेहोश मिले थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जांच कसबा थाना की पुलिस कर रही है। बता दें, सुमित सेन कसबा बोसपुकुर के रहने वाले हैं। घर में उनकी पत्नी और बेटी भी रहती है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को अपने फ्लैट में वह बेहोश मिले थे। पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो वह तुरंत मौके पर पहुंची। सुमित सेन को तुरंत चित्तरंजन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि जिस समय शव को बरामद किया था, तब घर में पत्नी और बेटी उपस्थित थी। जानकारी के अनुसार उनकी बेटी काफी बीमार है।
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि सुमित एक निजी संस्था में काम करते थे। दिन के अधिकांश समय इसी फ्लैट में यह परिवार रहता था। उन्हें बहुत ज्यादा बाहर निकलते हुए नहीं देखा जाता था।
स्थानीय सूत्रों व पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 3 दिनों से परिवार के किसी सदस्य को ही बाहर घुमते अथवा फ्लैट से निकलते हुए नहीं देखा गया था। इसके बाद ही स्थानीय थाना को घटना की जानकारी दी गयी। बताया जाता है कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।