रात के समय कोलकाता का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाता है लेकिन भोर में! तापमान का पारा बता रहा है कि भोर के वक्त महानगर का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह रहा है। दो नावों पर पैर रखकर मौसम इस समय कोलकाता निवासियों को अपना नया खेल दिखा रहा है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि यह खेल ज्यादा दिनों तक नहीं टिकने वाला और अगले माह (मार्च) के शुरुआत से ही पारा ऊपर चढ़ने की आशंका जतायी जा रही है।
इस बीच बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का एक क्षेत्र तैयार हो रहा है। इसकी वजह से राज्य के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। मौसम विभाग सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 और 24 फरवरी (सोमवार व मंगलवार) को हल्की बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।
निम्न दबाव के प्रभाव से जिन जिलों में बारिश हो सकती है उनमें शामिल है - पूर्व मिदनापुर में ओडिशा से सटे इलाके, झारग्राम का कुछ हिस्सा। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले दो-तीन दिनों में दिन के समय का तापमान 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके साथ ही रात के समय अधिकतम व न्यूनतम दोनों तापमान के बढ़ने की संभावना जतायी गयी है।
बताया जाता है कि रविवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार तक कोलकाता में दिन का सर्वाधिक तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि होली के समय ठंड पूरी तरह से गायब होकर मौसम गर्मी का भरपूर अहसास करवाएगा।
सोमवार और मंगलवार को ओडिशा व आसपास के तटवर्तीय जिलों में बारिश होने की संभावना ज्यादा जतायी गयी है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों के आसमान में बादल छाए रहेंगे। शनिवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री के आसपास था जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक बताया जाता है। उत्तर बंगाल में हल्की से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जतायी गयी है। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि उत्तर बंगाल में भी धीरे-धीरे तापमान का बढ़ना शुरू होगा।