एई समय : महाष्टमी की रात को हावड़ा में बिहार से दुर्गा पूजा में घूमने आए एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। जानकारी के अनुसार अपराधियों की गोली से सुरेश यादव (55) नामक एक व्यापारी की मौत हो गई। मृतक का घर बिहार के गोपालगंज इलाके में बताया जाता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा के मौके पर सुरेश यादव हावड़ा में घूमने आए थे। मंगलवार रात को हावड़ा के बनबिहारी बसु लेन के संध्याबाजार इलाके में वह पैदल जा रहे थे। तभी दो बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली चला दी। हत्या की इस घटना की जांच हावड़ा सिटी पुलिस के अधिकारियों ने शुरू कर दी है।
दुर्गा पूजा के दौरान रोशनी से जगमगाते हावड़ा के भीड़भाड़ वाले इलाके में घटी इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात को करीब साढ़े 9 बजे इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। सुरेश यादव बनबिहारी बसु लेन से पैदल जा रहे थे।
स्थानीय लोगों का दावा है कि उसी समय बाइक पर सवार होकर पीछे से आए कुछ अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर तीन राउंड गोली चलाई। गोली लगते ही सुरेश यादव खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची हावड़ा सिटी की पुलिस ने उन्हें हावड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि सुरेश यादव की पत्नी गोपालगंज ग्राम पंचायत की पूर्व प्रधान थीं। दुर्गा पूजा के समय सुरेश हावड़ा में घूमने के लिए आए थे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पहले से योजना बनाकर ही यह हत्या की गई है। अपराधियों को पता चल गया था कि सुरेश हावड़ा आ रहे हैं।
तभी इस हत्या की योजना बनाई गई। इस हत्या के साथ बिहार का कोई संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच कर रही है। एक अधिकारी का कहना है कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा किए गए हैं। स्थानीय निवासियों से भी बात करके पुलिस अधिकारी अधिक से अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि एक बाइक पर दो अपराधी सवार होकर आए थे। उनमें से एक के सिर पर हेलमेट था। दूसरे व्यक्ति ने सुरेश यादव को निशाना बनाकर गोली चलाई।
पुलिस की ओर से बताया गया कि सुरेश यादव महज दो दिन पहले ही हावड़ा आए थे। हावड़ा थाना क्षेत्र के कालीतला इलाके में उन्होंने एक फ्लैट लिया था। वह अक्सर यहां आया-जाया करते थे। बताया जाता है कि उनके खिलाफ बिहार में करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं। सुरेश ने लगभग सात साल जेल में भी बिताया था।
गोपालगंज में भी आपसी दुश्मनी की वजह से उन्हें दो साल पहले मारने की कोशिश की गयी थी। हालांकि उस समय वह बच गए थे। पुलिस ने संभावना जतायी है कि उसी दुश्मनी के कारण ही सुरेश की हत्या की गई हो। बताया जाता है कि इस घटना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हावड़ा सिटी पुलिस के हाथ लगी है।
हावड़ा सिटी पुलिस के कमिश्नर प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा किए गए हैं।