🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बम की अफवाह से रुकी पंजाब मेल, जांच में जुटी रेलवे और पुलिस

फोन कॉल से मचा हड़कंप, बीच रास्ते रोकी गई ट्रेन।

By श्वेता सिंह

Apr 11, 2026 01:31 IST

हुगलीः हावड़ा से अमृतसर जा रही 13005 अप पंजाब मेल में बम होने की सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। ट्रेन को हुगली जिले के चंदनपुर स्टेशन पर रोक दिया गया। यह ट्रेन शाम करीब साढ़े सात बजे हावड़ा से रवाना हुई थी। सूचना मिलते ही ट्रेन को स्टेशन पर रोककर तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया।

डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड ने की जांच

रेलवे और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई और ट्रेन की सघन तलाशी शुरू की गई। पूर्व रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की मदद से हर डिब्बे की जांच की गयी।

रेलवे और पुलिस प्रशासन अब उस अज्ञात कॉलर की पहचान करने में जुटे हैं, जिसने 139 पर फोन कर यह सूचना दी थी। प्राथमिक तौर पर इसे ‘हॉक्स कॉल यानी अफवाह ही माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं।

अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। वहीं, बम की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

यात्रियों में डर और भ्रम का माहौल

ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच इस घटना के बाद डर का माहौल बन गया। एक यात्री ने बताया कि पहले उन्हें तकनीकी खराबी की बात कही गई, लेकिन बाद में पुलिस की तलाशी से उन्हें स्थिति की गंभीरता का पता चला। कई यात्रियों ने बताया कि पुलिस ने उनके बैग और सामान की जांच की, जिससे असुविधा भी हुई और चिंता भी बढ़ी।

पुलिस और रेलवे की संयुक्त कार्रवाई

हुगली ग्रामीण पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने मिलकर जांच अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, हावड़ा से भी बम स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पूरे चंदनपुर स्टेशन इलाके में सुरक्षा घेरा सख्त कर दिया गया है और अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर भी सतर्कता बरती जा रही है।

फिलहाल यह मामला बम की अफवाह का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से रेलवे और पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

Articles you may like: