अमरावती : आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में स्थित अनंतगिरि हिल्स के पास मलंगामी (Mallangumi) झरने में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पिकनिक मनाने आई पांच सहेलियों में से तीन किशोरियां तेज पानी के बहाव में बह गई। पानी के तेज बहाव के कारण उनकी मृत्यु हो गई,जबकि दो को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार विशाखापत्तनम के नजदीक स्थित यह झरना पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। शुक्रवार को भी पांच सहेलियां यहां घूमने और नहाने आई थीं। सभी हंसी-खुशी पानी के पास समय बिता रही थीं, तभी उन्होंने झरने के किनारे सेल्फी लेने की कोशिश की।
इसी दौरान तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और पांचों किशोरियां पानी में गिर गईं। इस हादसे में तृषा (17), रत्ना कुमारी (16) और पवित्रा (16) बहाव में बह गईं और उनकी मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद पर्यटक मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने दो किशोरियों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से तीनों किशोरियों के शव बरामद किए गए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार यह झरना देखने में भले ही सुरक्षित लगता है, लेकिन यहां कई जगह गहरे गड्ढे और फिसलन भरी सतह है। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं और नियमित निगरानी की जरूरत है। प्रशासन की ओर से पहले भी चेतावनी जारी की गई थी कि खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेना जानलेवा हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।